ममरी। बकरीद को लेकर गुरुवार को अल्लीपुर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें थाना इंचार्ज सुनीत कुमार ने कहा कि त्योहार पर कोई नई परंपरा न डाली जाए।
अल्लीपुर में दोनों धर्मों के ग्रामीणों संग हुई बैठक में एसओ सुनीत कुमार ने कहा कि वर्ष 2015 में ईद की नमाज मदरसे में पढ़ने की कोशिश करके नई परंपरा डालने को लेकर दोनों समुदायों के मध्य जमकर बवाल हुआ था तभी से गांव अति संवेदनशील घोषित है। बताया कि ईद-उल-अजहा का त्यौहार शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए वहां अतिरिक्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की जा रही है, जरूरत पड़ने पर वहां पीएसी भी बुलाई जा सकती है। गांव में लगातार बैठक कर दोनों धर्मों के लोगों से बकरीद, रक्षाबंधन का त्यौहार सद्भाव से मनाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, बकरे की कुर्बानी खुले में न करने की ताकीद कर शांति बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है। कहा कि जो भी नियमों का उल्लंघन करता पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
घरों पर अदा करें नमाज, पुलिस की हिदायत
बिजुआ। बकरीद, रक्षाबंधन और राम मंदिर नींव पूजन को लेकर पुलिस ने ब्लॉक परिसर में पीस कमेटी बैठक का आयोजन किया। बैठक में पुलिस ने साफ तौर पर कहा कि बकरीद के मौके पर नमाज ईदगाह के बजाय घर पर पढ़ें, वहीं कृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिर में पूजन के स्थान पर घर पर ही करें। इस मौके पर चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने कहा कि किसी भी ग्राम पंचायत में विवाद की स्थिति पैदा न होने दें। एसआई रामसरन पांडेय ने लोगों से कहा कि कुर्बानी खुले स्थान पर नहीं होगी। बैठक में राहुल नयन मिश्रा, शेष दत्त बाजपेई, असलम खान समेत कई लोग मौजूद रहे। संवाद