लखीमपुर खीरी। मोहल्ला थरवरनगंज निवासी शुभम गुप्ता ने दो महीने पुराने 20 लाख की ठगी मामले में विवेचक पर अंगूठी मांगने का आरोप लगाया।
शुभम गुप्ता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर बताया कि वह यूएसडीटी ट्रेडर एप के जरिये ट्रेडिंंग करता था। 6.57 लाख रुपया निवेश किया था, जो कि 20 लाख रुपये हो गया था। बाद में उसका खाता ही सस्पेंड हो गया। 19 सितंबर को उसने सदर कोतवाली में यूएसडीटी ट्रेडर एप के मालिक सौरभ पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था।
आरोप है कि 20 दिन से सदर कोतवाली के तहत जेल गेट चौकी के विवेचक के पास जाने पर उन्होंने कार्रवाई के बदले यह कहते हुए सोने की अंगूठी मांगी कि मेरे हाथ में सोने की अंगूठी नहीं है। इसलिए अंगूठी दो। मामले में एसपी और सीओ से शिकायत की। मगर कार्रवाई नहीं हुई। उधर, विवेचक का कहना है कि कई जगह से फोन कर दबाव बना रहे हैं। बैंक से सत्यापन के कागज नहीं मिल पाए हैं। आरोप सरासर गलत हैं, चाहें तो किसी और से विवेचना करवा लें।