बोर्ड परीक्षाओं के लिए अब एक दिन ही शेष बचा है अब विद्यार्थियों को तैयारी के साथ-साथ खानपान और स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। खराब स्वास्थ्य अच्छी तैयारी के बावजूद परीक्षा की अपेक्षित सफलता में बाधक हो सकता है।
विशेषज्ञों की राय है कि अब शांत चित्त से पूरी प्लानिंग से पढ़ाई की जाए। जेसीज के कॉउंसलर डॉ.राकेश माथुर के अनुसार परीक्षा के दौरान आवश्यक है कि विद्यार्थी हल्का भोजन करें। तले-भुने भोजन से परहेज करें। फल, दूध और हरी सब्जियों का सेवन अधिक करें। कोशिश यह भी करें कि खाना एक साथ न खाएं। इससे पेट भारी होगा तो दिमाग का ब्लड सर्कुलेशन कम हो जाएगा। इससे सुस्ती आएगी और याद नहीं रहेगा। परीक्षा के दौरान पानी अधिक पियें, इससे ताजगी रहेगी और हल्कापन रहेगा। खाने में चावल कम से कम लें। चावल देर में पचता है इससे सुस्ती ज्यादा देर तक रहती है। इस दौरान अपनी नियमित पढ़ाई ही करें। डॉ.राकेश माथुर के अनुसार विद्यार्थी परीक्षा के दौरान पूरी नींद लें, इससे पूरी तरह ताजगी का अनुभव करेंगे। थोड़ा टहलना, टीवी आदि देखना तथा खेलना-कूदना जारी रखें। इससे तनाव कम होगा और प्रसन्नता और आत्मविश्वास बढ़ेगा। शांतचित्त होकर परीक्षा दें। इससे निश्चित तौर पर अच्छे अंक मिलेंगे।
ठंडी चीजों से रखें परहेज
डॉ. राकेश माथुर ने बताया कि परीक्षा के दौरान स्वस्थ्य रहना तैयारी से कहीं ज्यादा आवश्यक है। खासकर इस समय जब मौसम बदल रहा है। जरा सी लापरवाही बीमार कर देगी। इससे सारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी शीतल पेय, आइस्क्रीम और बाजारू चीजों से बचें, ठंडी चीजों से जुकाम हो सकता है। मौसम के बदलाव के ध्यान में रखते हुए पूरे कपड़े पहने।