यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में जेपी कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा सुरभि दीक्षित ने 93.33 प्रतिशत अंक पाकर जिले में टॉप किया, जबकि इंटरमीडिएट में शहर के आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र राहुल वर्मा ने 94.2 फीसदी अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ अंक पाकर जिले के गौरव बने।
जिले में हाईस्कूल की परीक्षा में 27,927 बालक और 22,164 बालिकाएं शामिल हुईं। इसमें लगभग 38,675 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जो कुल परीक्षार्थियों का 77.21 प्रतिशत है। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में 139 सेंटरों पर परीक्षा कराई गई थी, जिसमें इंटरमीडिएट के लिए 38,773 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा के दौरान करीब साढ़े चार परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम 86.88 फीसदी रहा।
हाईस्कूल परीक्षा में विद्या कुंवरि स्मारक सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज गोला के छात्र विपुल सिंह राठौर ने 91.5 प्रतिशत अंक पाकर जिले में दूसरा तो लखीमपुर के सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के छात्र चंदन श्रीवास्तव ने 91.1 अंक पाकर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज लखीमपुर की छात्रा आकांक्षा सिंह ने 93.6 प्रतिशत अंक पाकर दूसरा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लखीमपुर के छात्र हर्षित पांडेय ने 93.4 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा स्थान हासिल किया।