मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में लगाए गए बीएलओ की कारस्तानी से न सिर्फ चुनाव प्रक्रिया में दिक्कत आ रही है, बल्कि इससे ग्रामीण भी काफी परेशान हैं। लखीमपुर ब्लाक के गनेशपुर गांव में आबादी की तुलना में मतदाताओं की संख्या ने सभी को हैरान कर दिया है। गांव की 2487 की आबादी में 2306 (92.35 फीसदी) लोगों को मतदाता बना दिया गया। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी गनेशपुर की अनन्तिम मतदाता सूची में कई कमियां सामने आई हैं। इनमें मतदाताओं की क्रम संख्या और मकान संख्या में भी गड़बड़ी प्रकाश में आई है।
जिला स्तर पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की 13 शिकायतें आई हैं, जिन्हें संबंधित एसडीएम को जांच के लिए भेज दिया गया है। धौरहरा ब्लाक की शेरपुर ग्राम पंचायत के प्रधान सतीश कुमार का कहना है कि उनकी पंचायत की मतदाता सूची में बीएलओ ने नाबालिगों को मतदाता बना दिया है। इसी ब्लाक के लखौटी मल्लपुर ग्राम पंचायत निवासी रामनिवास वर्मा ने फिर से सर्वे कराने की मांग की है। मितौली ब्लाक के किशुनपुर निवासी अवधेश कुमार का कहना है मतदाता सूची से बीएलओ द्वारा गलत नामों को नहीं हटाया गया है। निघासन के महादेव निवासी रामेन्दर सिंह ने ग्राम पंचायत में मतदाता सूची में विलोपन और परिवर्धन की मांग की है। गोला ब्लाक के शिवपुर निवासी राजेश ने दो जगहों की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की शिकायत की है। नकहा ब्लाक के घोसियाना निवासी कमरुद्दीन ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बीएलओ को हटाए जाने की शिकायत की है। वहीं मितौली के उमरपुर निवासी चंद्रशेखर ने मतदाता सूची से बाहरी और शहरी लोगों के नाम हटाने की मांग की है। पलिया ब्लाक के मझर्गइं निवासी रामशंकर समेत गांव के छह लोगों ने मतदाता सूची में बीएलओ के गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है।
न नाम काटे न दर्ज किए
बीएलओ की लापरवाही से कई लोगों के नाम सूची से हटाए नहीं गए हैं तो कइयों के नाम दर्ज भी नहीं हुए हैं। गोला कस्बे की शकुंतला ने नगर पालिका की मतदाता सूची से नाम कटवाने तो वहीं पसगवां के गांव गोविंदपुर निवासी पंकज ने मतदाता सूची में नाम अंकित करने की मांग की। सदर ब्लाक के मूड़ाधामू निवासी रामनिवास ने नगर पालिका की सूची से अपना नाम कटवाने की मांग की है।
आज भी पढ़कर सुनाई जाएगी मतदाता सूची
एडीएम एसपी सिंह ने बताया कि जिले के समस्त पोलिंग बूथों पर मंगलवार को मतदाता सूची पढ़कर सुनाई गई। यह प्रक्रिया बुधवार को भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान ग्रामीण अपना नाम बूथों पर देख सकते हैं। इसके बाद 21 से 24 अगस्त तक आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
मतदाता सूची में गड़बड़ी मिलने पर किया विरोध
भूपतिपुर। ब्लाक मितौली की ग्राम पंचायत परसेहरा प्रथम की खुली बैठक प्राइमरी स्कूल में हुई, जिसमें बीएलओ प्रमोद कुमार शुक्ल तथा दिलीप सिंह ने निर्वाचन सूची पढ़कर सुनाई। सूची में करीब 200 से अधिक वोट फ र्जी निकले। वहीं करीब सवा दौ सौ वोट सूची से गायब मिले। जिसके बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने विरोध किया और फर्जी वोट बनाने के विरोध में ग्राम पंचायत के बीएलओ पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द से जल्द मतदाता सूची में सुधार नहीं हुआ तो वे मितौली एसडीएम के यहां धरना प्रदर्शन करेंगे। विरोध करने वालों में राजेश कुमार दीक्षित, हरिनाम सिंह, समलिया प्रसाद, रामपाल यादव, ओमपाल सिंह, कुतुबुद्दीन, नत्थू सिंह, अजय शुक्ला, अंजनी कुमार मिश्रा सहित तमाम लोग शामिल थे।