लखीमपुर खीरी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों को अंकों के बजाय ग्रेड और स्टार प्रणाली के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। अंकपत्र में प्रथम सत्र, अर्द्धवार्षिक, द्वितीय सत्र और वार्षिक परीक्षा के ग्रेड दर्ज होंगे, जिससे पूरे वर्ष की प्रगति का समग्र आकलन किया जा सकेगा।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि नया अंकपत्र केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, व्यवहार, सहभागिता और समग्र विकास का भी मूल्यांकन होगा। जुलाई में अंकपत्र वितरित किए जाएंगे, जिनमें अभिभावकों और विद्यार्थियों का फीडबैक भी शामिल रहेगा।
जिले के 3106 विद्यालयों के करीब साढ़े चार लाख विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। अंकपत्र में क्यूआर कोड होगा, जिसे स्कैन कर छात्र अपनी शैक्षिक प्रगति ऑनलाइन देख सकेंगे। विद्यार्थियों को स्काई (तीन स्टार), माउंटेन (दो स्टार) और स्ट्रीम (एक स्टार) श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाएगा।