धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। सिसैया खुर्द गांव में ग्रामीणों से मारपीट के प्रकरण में पुलिस विभाग की कार्रवाई जारी है। बृहस्पतिवार को पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया। उनके स्थान पर खीरी के प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह को धौरहरा कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिसैया खुर्द गांव में सड़क और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों के विरोध-प्रदर्शन के बाद सोमवार रात मारपीट की घटना सामने आई थी। ग्रामीणों ने पुलिस पर घरों में घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए थे। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बृहस्पतिवार को मुख्य आरक्षी विनोद कुमार समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था।
इसके अगले दिन प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा को लाइन हाजिर किए जाने से पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई। विभागीय कार्रवाई को सिसैया खुर्द प्रकरण की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि मामले में अभी और कार्रवाई हो सकती है।
जातीय विवाद में लगातार तीन प्रभारी निरीक्षकों पर हो चुकी है कार्रवाई
धौरहरा कोतवाली में लगभग एक साल में लगातार प्रभारी निरीक्षकों पर कार्रवाई हुई है। इससे पहले प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। इसके बाद तैनात रहे रवींद्र सोनकर पर पेट्रोल पंप पर लाठीचार्ज के आरोप के बाद कार्रवाई की गई थी। अब सिसैया खुर्द प्रकरण में दिनेश कुमार शर्मा को लाइन हाजिर किया गया है। उनके स्थान पर अवनीश कुमार सिंह को धौरहरा का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।