बरेली के फरीदपुर में तस्करों से मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से शहीद हुए दरोगा मनोज मिश्रा के परिवार वालों का सीबीआई जांच सहित अन्य मांगों को लेकर 13वें दिन भी अनशन जारी रहा।
इधर सोमवार को सत्तारूढ़ दल के जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल और सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा अनशन पर बैठे शहीद दरोगा के परिवार वालों से मिलने हरदासपुर गांव पहुंचे।
दोनों नेताओं ने परिवारवालों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया लेकिन एडीएम एसपी सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में विधायक और जिलाध्यक्ष ने सीबीआई जांच की मांग का जिक्र तक नहीं किया। उन्होंने सिर्फ परिवार को नौकरी देने और 50 लाख का मुआवजा देने की मांग के समर्थन में पत्र लिखा है।
खीरी कस्बे से सटे गांव हरदासपुर निवासी शहीद दरोगा मनोज मिश्रा के पिता श्याम मुरारी मिश्रा, पत्नी शशि मिश्रा, भाई पंकज और सर्वेश मिश्रा का कहना है कि मनोज मिश्रा की हत्या साजिशन की गई है।
साथ ही पुलिस महकमे पर आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की। सोमवार को सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा और सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल हरदासपुर गांव पहुंचे और परिवार वालों को ढाढ़स बंधाया।
बताया कि एक-दो दिन में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और परिवार की मांगों को उनके समक्ष रखा जाएगा। मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में विधायक उत्कर्ष वर्मा ने कहा है कि दरोगा मनोज मिश्रा के शहीद होने से उनका परिवार पूरी तरह टूट गया है और उनके परिवार को आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि वे लोग मुख्यमंत्री से एक दो दिन में इस संबंध में मुलाकात कर परिवार को 50 लाख रुपये और परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने की बात रखेंगे।
हालांकि सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा और सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल ने ज्ञापन में सीबीआई जांच कराने का जिक्र नहीं किया है। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष बजरंग सिंघल, जिला सचिव अशोक वर्मा, राजपाल सिंह, चंदन लाल के अलावा उत्तम वर्मा, भूपेंद्र प्रताप अन्नू आदि मौजूद रहे।
हरदासपुर में मतदान कराने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया
जिला एवं क्षेत्र ग्राम पंचायत सदस्य पद पर होने वाले चुनाव में निर्धारित तिथि को मतदान का बहिष्कार करने वाले शहीद दरोगा श्याम मुरारी मिश्रा समेत तमाम गांव वालों फिर से मतदान कराने की मांग की है। डीएम को संबोधित ज्ञापन में शहीद दरोगा के पिता ने कहा कि अब निर्धारित तिथि को होने मतदान में वोट डालने के लिए वह लोगों को प्रेरित करेंगे।
वहीं राजेश्वरी ने भी कहा कि उस दिन आक्रोश के कारण लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया था लेकिन अब वह भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। इसी क्रम में जुबेर आलम खां, गीता देवी, पुष्पा देवी, कपिल, जन्नतुन निशा, आरती मिश्रा ने भी हरदासपुर गांव में मतदान कराने की मांग की है।