लखीमपुर खीरी। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड व सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर दोनों पोर्टल के माध्यम से योजनाओं की निगरानी हो रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पोर्टल पर सही जानकारी ही दर्ज की जाए।
डीएम ने कहा कि अगले माह तक प्रत्येक विभाग की प्रगति हर हाल में सुधारनी होगी। ऐसा न होने पर जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं की निर्धारित माइलस्टोन के अनुसार प्रतिमाह प्रगति की जाए।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पोर्टल पर प्रदर्शित योजनाओं व परियोजनाओं की आवंटित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की जाए। माह के आखिरी सप्ताह तक संबंधित पोर्टल पर इसका अंकन किया जाए। विभागवार मासिक अंक और आंकड़े प्रशासन की पारदर्शिता व जवाबदेही का आईना हैं। अधिकारी डाटा अद्यतन रखें और यह जमीनी हकीकत से मेल खाना चाहिए। लापरवाही से विभाग की रैंकिंग के साथ जिले की छवि भी प्रभावित होगी।
विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आजः कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम अंजनी कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की बैठक होगी। शाम चार बजे होने वाली बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।