अवैध शराब के साथ पुलिस गिरफ्त में आरोपी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
सिकंद्राबाद (लखीमपुर खीरी)। थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव नगरा में आबकारी विभाग ने पुलिस टीम के साथ छापा मारकर अवैध रूप से शराब बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से नकली बार कोड के दो हजार ढक्कन, 587 खाली पौवे और 40 लीटर अल्कोहल बरामद किया है। पुलिस ने मौके से पूर्व प्रधान, उनके पुत्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो लोग फरार हो गए।
आबकारी निरीक्षक लखीमपुर पंकज विवेक ने बताया कि ग्राम पंचायत नगरा के पूर्व प्रधान के घर पर काफी समय से अवैध रूप से शराब बनाने का कारोबार चलने की सूचना मिल रही थी, जिस पर उन्होंने रविवार को थाना नीमगांव प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह के साथ छापा मारा। छापे के दौरान टीम ने क्यूआर कोड 3223 लिखे करीब दो हजार ढक्कन, 587 खाली पौवे और 40 लीटर अल्कोहल बरामद किए। पुलिस ने मौके से पूर्व प्रधान त्रिभुवन लाल उर्फ बंटू, उनके पुत्र रोहित, कस्बा नीमगांव निवासी जगन्नाथ और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अवैध रूप से शराब बनाने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीतापुर के माफिया बनवाते थे शराब
आबकारी निरीक्षक पंकज विवेक के अनुसार आरोपियों ने बताया कि हरगांव (सीतापुर) निवासी दो लोग अवैध रूप से शराब बनवाते और उसकी गांवों में खपत करते थे। यह कारोबार कब से चल रहा था। अब तक शराब कहां-कहां खपाई गई है। आबकारी विभाग ने इस संबंध में जांच तेज कर दी है।
अवैध रूप से शराब बनाने के मामले में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है इसमें पूर्व प्रधान नगरा और उसके पुत्र के अलावा दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं हरगांव निवासी दो लोग फरार हैं उनकी तलाश की जा रही है।
-गजेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर थाना नीमगांव