पुलिस लाइन में असलहे का निरीक्षण करतीं आईजी लक्ष्मी सिंह।
कानून व्यवस्था की समीक्षा की, दिए दिशा-निर्देश
लखीमपुर खीरी। बुधवार को आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने जनपद का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन का भ्रमण करके विभिन्न शाखाओं/इकाइयों एमटी शाखा, आर्मरी, क्वार्टर गार्ड, पुलिस चिकित्सालय, भोजनालय, आरओ प्लांट एवं बैरक आदि का निरीक्षण किया।
शाम को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन की मौजूदगी में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने जनपद के सभी सीओ, एसओ और शाखा प्रभारियों की बैठक ली। इस दौरान जनपद में घटित अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध की गई कार्यवाही की समीक्षा की। इसमें मुख्य रूप से शरीर व संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। भूमि संबंधी विवाद में राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके तत्काल मौके पर जाकर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन हेतु विभिन्न कार्यक्रम व गोष्ठी करके उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारी देने तथा जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया। पीआरवी इवेंट्स की साप्ताहिक समीक्षा करके बेहतर रिस्पांस टाइम मेंटेन करने हेतु निर्देश दिए गए।