लखीमपुर खीरी। रसोई गैस सिलिंडरों की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शादी-ब्याह के सीजन में समय पर सिलिंडर उपलब्ध न होने के कारण परिवारों और कैटरिंग संचालकों को चूल्हे अपनाने पड़ रहे हैं। हालात यह हैं कि दावतों की तैयारी के लिए लोगों को मजबूरन लकड़ी और कोयले का सहारा लेना पड़ रहा है।
इजराइल अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच गैस आपूर्ति में देरी के चलते गैस एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है। जिन लोगों ने पहले से बुकिंग नहीं कराई, उन्हें समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में शादी आयोजकों के सामने खाना बनाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
लोगों का कहना है कि शादी जैसे अहम अवसर पर ऐसी परेशानी से आयोजन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि शादी सीजन को देखते हुए गैस की आपूर्ति बढ़ाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। सैधरी निवासी अफजाल खान ने बताया कि उनके घर में 13 अप्रैल को शादी है। गैस सिलिंडर इकट्ठा करने को लेकर अभी से काफी जतन कर रहे हैं। अगर तय वक्त पर सिलिंडर नहीं मिले तो मजबूरन लकड़ी का सहारा लेना पड़ेगा।
जिले में सिलिंडर को लेकर पर्याप्त स्टॉक है। इस समय भी 23,602 सिलिंडर का स्टॉक मौजूद है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 8286 सिलिंडर की बुकिंग हुई, जबकि पहले से बुक 10095 सिलिंडरों की आपूर्ति की गई है। इसके अलावा व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति भी शुरू कर दी जाएगी।
अंजनी कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी
पेट की आग बुझाने की आस में गर्मी में झुलसा रहे शरीर
-सिलिंडर के लिए भीषण गर्मी में कतार में लगाने पर मजबूर हैं उपभोक्ता
फोटो 19
रमियाबेहड़। पेट की आग बुझाने की आस में गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी और धूप में अपना शरीर तपाना पड़ रहा है। लंबी-लंबी लाइन में परेशान होकर लोग सिलिंडर पाने को मजबूर हो रहे हैं। शनिवार को भी क्षेत्र की भारत गैस एजेंसी पर सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं की सुबह सात बजे से लंबी लाइन लग गई। गैस एजेंसी रमियाबेहड़ के अलावा कफारा, गौरिया और लहबड़ी में भी उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। उपभोक्ता एक सिलिंडर के लिए जद्दोजहद करते नजर आए।
वहीं कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी का खेल चल रहा है। 2000 से 2500 रुपये तक की कीमत में चोरी छुपे सिलिंडर ब्लैक किए जा रहे हैं। वहीं क्षेत्र के रमियाबेहड़, ढखेरवा, पढ़ुआ, अभयपुर, तेलियार, कफारा समेत अन्य स्थानों के होटलों पर धड़ल्ले से घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग किया जा रहा है।
सभी गैस एजेंसियों पर स्टॉक पर्याप्त है। अधिकांश उपभोक्ताओं की केवाईसी न होने के कारण भीड़ लग रही हैं। कालाबाजारी की जांच की जाएगी। होटलों पर घरेलू गैस सिलिंडर उपयोग करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
- रमेश वर्मा, सप्लाई इंस्पेक्टर, धौरहरा