फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: सुहेली नदी की सफाई नहीं हुई तो पर्यटन सत्र के उद्घाटन पर चक्काजाम करेंगे किसान

Sun, 25 Oct 2026 01:31 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
आंदोलित किसानों से वार्ता करते एसडीएम और दुधवा वार्डन। संवाद
विज्ञापन
पलियाकलां। सुहेली नदी की डीसिल्टिंग और नकहुआ पुल नाले की सफाई शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है। अनिश्चितकालीन धरने के 21वें दिन बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के काफिले के साथ पैदल मार्च करते हुए दुधवा नेशनल पार्क मुख्यालय पहुंचे। यहां मुख्य गेट का घेराव कर करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। किसानों ने चेतावनी दी कि 30 अक्तूबर तक काम शुरू नहीं हुआ तो एक नवंबर को दुधवा के पर्यटन सत्र के उद्घाटन पर पलिया-दुधवा मार्ग जाम कर देंगे।
विज्ञापन


प्रदर्शन को ऑल इंडिया सिख संगठन ने भी समर्थन दिया। संगठन के प्रधान सरदार जसवीर सिंह विर्क, जिलाध्यक्ष सरदार पाल सिंह और तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गिल साथियों के साथ धरनास्थल पहुंचे। उन्होंने किसानों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुधवा वार्डन महावीर सिंह, एसडीएम पुष्पक तोमर, तहसीलदार, सीओ शिवम कुमार और पलिया कोतवाल शिवाजी दुबे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर धरना समाप्त करने की अपील की और 25 अक्तूबर तक काम शुरू कराने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन


किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन ने रविवार तक काम शुरू कराने की बात कही है, लेकिन वे 30 अक्तूबर तक का समय दे रहे हैं। इस अवधि में रुड़की जल संसाधन से स्वीकृत धनराशि हस्तांतरित कराकर धरातल पर काम शुरू नहीं कराया गया तो एक नवंबर को पर्यटन सत्र के शुभारंभ पर पलिया-दुधवा मार्ग पूरी तरह जाम कर दिया जाएगा।

वार्ता के बाद किसान करीब तीन बजे दुधवा मुख्यालय गेट से हटने पर राजी हुए, लेकिन निर्धारित स्थान पर उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी है। धरने में गजरोरा के पूर्व प्रधान रेहान खान, प्रधान हरिकेश, बसंत, राजेश भारतीय, डॉ. गौतम पाल, सविता तिवारी, रामनिवास आदि शामिल रहे।

दुधवा के वार्डन महावीर सिंह ने बताया कि किसानों को जानकारी दी गई है कि दो-तीन दिन में धनराशि जारी हो जाएगी, जिससे सर्वे शुरू हो सकेगा।

धरने को बस यूनियन का समर्थन

पलिया बस यूनियन के सदस्य जितेंद्र सिंह गोल्डन भी धरनास्थल पहुंचे और किसानों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन के तहत बसें भी खड़ी कर दी जाएंगी।

विधायक ने जल्द काम शुरू होने की जताई उम्मीद

स्थानीय विधायक रोमी साहनी ने कहा कि शुरुआत में कोर्ट का स्टे था, जिसे हटवाने में काफी समय लगा। अब वन विभाग ने भी काम के लिए सहमति दे दी है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही 86,76,000 रुपये की धनराशि मिल जाएगी और काम शुरू हो जाएगा।

आंदोलित किसानों से वार्ता करते एसडीएम और दुधवा वार्डन। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें