संसारपुर। थाना मैलानी केे बोझिया गांव में रुपये न देने पर युवक ने चाकू घोंपकर मां की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उधर, मृतक महिला के भाई ने भांजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव बोझिया निवासी 22 वर्षीय मयंक पुत्र हरेंद्र और उसकी मां 48 वर्षीय सरला देवी रविवार की सुबह घर पर ही थे, जबकि पिता हरेंद्र और बड़ा भाई मजदूरी करने गया था। पुलिस ने बताया कि इस बीच मयंक ने अपनी मां से रुपये मांगे। मां के मना करने पर वह विवाद करने लगा और आगबबूला होकर चाकू से हमला कर दिया। चाकू सरला के दाहिने पैर पर लगा। अत्यधिक खून बह जाने से सरला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का पता चला तो पड़ोस के लोग जमा हो गए। सूचना पर मृतका का पति और बड़ा बेटा भी मौके पर पहुंच गए। सीओ गोला प्रवीण कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और छानबीन शुरू की। पुलिस ने मां की हत्या के आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। मृतका के भाई अजय कुमार निवासी कचनार कोतवाली मोहम्मदी ने पुलिस को तहरीर दी।
भांजे मयंक पर बहन सरलादेवी को प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
मृतका सरला देवी की फ़ाइल फ़ोटो
मृतका सरला देवी की फ़ाइल फ़ोटो