लखीमपुर खीरी। छात्राएं खुद के साथ होने वाली गलत हरकतें और लड़कों के पीछा करने जैसी घटनाओं को नजरअंदाज न करें। महिला पुलिस के साथ साथ अभिभावकों को इस बात की जानकारी जरूर दें। पुलिस आपकी मदद के लिए 24 घंटे तैनात है। शिकायत मिलने के कुछ मिनटों में ही पुलिस मदद के लिए आपके पास होगी। यह बात अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम के दौरान महिला थाना प्रभारी बबिता पटेल ने कही।
बृहस्पतिवार को महिला थाने में आयोजित दोस्त-पुलिस कार्यक्रम में राजापुर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने तमाम सवाल पूछे। सभी के सवालों का जवाब दिया गया। महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला संबंधी अपराध रोकने और त्वरित न्याय मिले इसको लेकर 1090 हेल्पलाइन नंबर डायल किया जा सकता है। नंबर मिलाने के चंद मिनटों के भीतर पुलिस आपके पास मदद के लिए उपस्थित होगी।
कहा कि किसी भी तरह के अपराधों को छिपाने के बजाय पुलिस और अभिभावकों को बताकर समस्या का निराकरण कराया जा सकता है। इसमें छात्राओं की जागरूकता बहुत ही जरूरी है। किसी भी तरह की पुलिस मदद मांगने वाली महिला, छात्रा का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।
कहा कि आज का समय अपराधियों से किसी भी तरह घबराने का नहीं है बल्कि उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने का है। 1090 के अलावा 112 नंबर भी डायल कर मदद मांगी जा सकती है। इस मौके पर सिपाही सारिका, अरशद नदीम, आरती माथुर, श्चेता, अंजली दीक्षित व साधना गुप्ता, यशी, प्रियंका, राधा, साबरीन छात्राएं मौजूद रहीं।