लखीमपुर खीरी। हैदराबाद पुलिस की लापरवाही से सड़क हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति का शव 20 घंटे से ज्यादा समय तक पोस्टमार्टम हाउस पर ही रखा रहा। पंचनामा के कागज न आने के चलते शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। परिजन इंतजार और पुलिस टाल-मटोल करती रही। शव मंगलवार को आया और पोस्टमार्टम बुधवार की दोपहर में हो सका। हालांकि, पुलिस आरोपों को गलत बता रही है।
मितौली थाने के पियाराग्रंट में रहने वाले शिव शर्मा की मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हैदराबाद थाने के घरथनिया के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। बुधवार की दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद भाई अजय कुमार व परिजनों ने बताया कि मृतक का शव मंगलवार की दोपहर 12 से एक बजे के बीच आ गया था।
थाने से पंचनामा के कागज न आने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। परिजनों का आरोप है कि हैदराबाद पुलिस ने कागज लाने में लापरवाही बरती। फोन से संपर्क करने पर अभी आ रहे हैं कहकर टालते रहे। कागज नहीं पहुंचाए। तीन बजे के बाद कागज भेजने से मना कर दिया। थाना पुलिस की लापरवाही से मंगलवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
शव पहुंचने के 20 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद पुलिसकर्मी कागज लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ। हैदराबाद थानाध्यक्ष अजीत कुमार का कहना है कि आरोप गलत है। परिजनों ने समय से सूचना नहीं दी थी। कागज पहुंच गए थे। कभी-कभार देरी हो जाती है।