पलियाकलां। नए साल का जश्न मनाने के साथ ही रविवार को दुधवा नेशनल पार्क के अलौकिक वातावरण का नजारा लेने के लिए सैलानियों की आमद दुधवा में शुरू हो गई है। दुधवा के स्वागत कक्ष पर भी सैलानियों की भीड़ दिखाई दी।
दुधवा नेशनल पार्क में छुट्टियों और नए साल का जश्न मनाने के लिए सैलानियों की तादात बढ़ रही है। हटों की अगर बात करें तो यहां पांच जनवरी तक अधिकांश हट पहले से ही बुक हो चुकी हैं। पार्क सूत्रों के अनुसार, एक जनवरी के बाद कुछ हट खाली होंगे। दुधवा की डारमेट्री भी पूरी तरह से हाउसफुल है।
उधर, रविवार को छुट्टी मनाने के लिए स्थानीय सैलानियों की भीड़ ज्यादा दिखी। अन्य सैलानी भी यहां पर्यटन परिसर में टहलते हुए दिखाई दिए। अचानक पहुंचने वाले सैलानियों को यहां मायूसी दिखाई दी। क्योंकि जिनकी बुकिंग पहले से थी, उन्हें ही जंगल सफारी कराई गई। ऐसा इसीलिए है क्योंकि दुधवा में मौजूद जिप्सियों और जिनाॅन की ऑनलाइन बुकिंग ही होती है।
-
नहीं हुई जंगल सफारी तो नेपाल भ्रमण को निकले सैलानी
लखनऊ, लखीमपुर से कई ऐसे सैलानी आए थे जो दुधवा पार्क की दूसरी जंगल सफारी में पार्क का भ्रमण करना चाह रहे थे लेकिन जिप्सी आदि खाली न होने के कारण उन्होंने अगले दिन दुधवा भ्रमण करने की बात पार्क प्रशासन के सामने रखी और उनके वाहन नेपाल की तरफ रवाना हो गए। कई ऐसे भी सैलानी रहे जो दुधवा से भ्रमण करने के बाद सीधे नेपाल रवाना हुए और नेपाल जाकर विदेश जाने का भी लुत्फ उठाया।
-
लखनऊ, दिल्ली समेत अन्य महानगरों से पहुंचे सैलानी
रविवार को छुट्टी मनाने के लिए लखनऊ, दिल्ली, कानपुर, गाजियाबाद समेत अन्य जगहों से सैलानी पार्क का भ्रमण करने पहुंचे। स्थानीय लखीमपुर जिले के भी कई स्थानों से सैलानियों ने पहुंचकर पर्यटन परिसर का भ्रमण किया और यहां म्यूजियम व मचान आदि पर जाकर दुधवा के सेल्फी प्वाइंट पर पहुंचकर फोटो व वीडियो आदि बनाए। नकउहा नाले पर भी सैलानियों की भीड़ दिखी।
प्रमुख सचिव वन व राज्य सूचना आयुक्त ने किया भ्रमण
दुधवा में रविवार को प्रमुख सचिव वन मनोज कुमार सिंह व राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने अपने परिवार के साथ दुधवा नेशनल पार्क का भ्रमण किया। हालांकि अधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने के लिए कोई तैयार नहीं हुआ लेकिन पार्क सूत्रों के अनुसार, दोपहर तक प्रमुख सचिव वन जायजा लेकर जा चुके थे। देर शाम तक राज्य सूचना आयुक्त वहीं रुके हुए थे।
-
बाघों की साइटिंग बन रही आकर्षण का केंद्र
दुधवा नेशनल पार्क के प्रति आकर्षण का केंद्र लगातार हो रही बाघों की साइटिंग भी बन रही है। रविवार सुबह दुधवा व किशनपुर क्षेत्र में बाघों के दीदार सैलानियों को हुए हैं। इससे पहले शनिवार को भी किशनपुर में सैलानियों को बाघ दिखा था।
मांस मदिरा का सेवन निषेध, पकड़े जाने पर होगी कार्रवाई
नए साल का जश्न मनाने के लिए आने वाले सैलानियों के लिए चेतावनी जारी की गई है। अगर किसी ने मांस-मदिरा का प्रयोग कियो तो कार्रवाई की जाएगी। पर्यटन रेंजर को निर्देशित किया गया है वह खुद टीम बनाकर हटों पर नजर रखें। पकड़े जाने पर तत्काल प्रभाव से बुकिंग रद्द करें।
दुधवा में नए साल को लेकर सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी है और बाघों की साइटिंग होने से सैलानी लगातार यहां पहुंच रहे हैं।
-डाॅ रंगाराजू टी, डिप्टी डायरेक्टर, दुधवा नेशनल पार्क
दुधवा में सुबह की शिफ्ट में दिखा बाघ। स्त्रोत डीटीआर