मदद के नाम पर जेठ ने महिला का किया शारीरिक शोषण, कार्रवाई की गुहार
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी शादीशुदा महिला के पति के जेंडर बदलने का मामला सामने आया है। पति ने दो बच्चे होने के बाद अपना जेंडर बदल लिया और पत्नी- बच्चों को दिल्ली में छोड़कर कहीं भाग गया। वहीं मदद के नाम पर महिला के जेठ ने उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। महिला किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर लखीमपुर खीरी में अपनी एक रिश्तेदार के घर पहुंची है। इस मामले में कार्रवाई के लिए महिला ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
पीड़ित महिला ने बताया कि पति के जेंडर चेंज करने और परिवार को बेसहारा छोड़ने बाद जेठ ने सहारा देने का झांसा देकर कई महीनों तक उसका शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं, उसने अपने छोटे भाई की पढ़ी लिखी पत्नी को दिल्ली की सड़कों पर भीख मांगने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद महिला ने दिल्ली के महारानीबाग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने पीड़ित महिला का साथ नहीं दिया। पीड़ित महिला किसी तरह अपने जेठ के चंगुल से दिल्ली से निकलकर लखीमपुर खीरी पहुंची और अपनी बुआ के साथ रहने लगी है।
महिला ने बताया कि वह अपने दोनों बेटों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए 28 अप्रैल को एक स्कूल में एडमिशन कराने गई थी, लेकिन इस दौरान उसका जेठ एक बार फिर उसके सामने आ गया और जबरन उसको अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। महिला सड़क पर चीखने चिल्लाने लगी। इस दौरान रास्ते से गुजर रही एलआरपी चौकी पुलिस आरोपी को पकड़कर चौकी ले गई। वहीं पीड़ित महिला अपनी आप बीती बताने सदर कोतवाली पहुंची। महिला का आरोप है कि सदर कोतवाली पुलिस ने उसका साथ नहीं दिया, बल्कि कई घंटे तक महिला हेल्प डेस्क में बैठाए रखा। महिला अब न्याय के लिए एसपी कार्यालय के चक्कर लगा रही है, ताकि उसके जेठ को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। हालांकि महिला की एसपी से मुलाकात नहीं हो पाई है। प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, लेकिन घटनास्थल दिल्ली का बताया जा रहा है। छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।