लखीमपुर खीरी। जिले की चार तहसीलें बाढ़ से प्रभावित हैं। क्षेत्र के सैकड़ों विद्यालयों में ताला पड़ा है। स्कूल बंद होने की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, चारों तहसीलों के खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से बाढ़ प्रभावित स्कूलों की जानकारी और सीयूजी की पड़ताल की गई तो उनके सीयूजी नंबर बंद मिले।
बेसिक शिक्षा महकमे में बीईओ की तैनाती स्कूलों की व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई है। हर बीईओ को विभाग ने एक सीयूजी नंबर भी दिया है, ताकि वह किसी भी समस्या के बारे में अधिकारियों को बता सकें। मौजूदा समय में चार तहसीलों में बाढ़ का पानी भरा है। इसकी वजह से स्कूल बंद हैं।
नियमत: जिस स्कूल में बाढ़ का पानी है, उसे छोड़कर पास के स्कूल, जहां समस्या न हो, बच्चों को बुलाकर पढ़ाने के निर्देश हैं। मंगलवार को बाढ़ प्रभावित चारों तहसीलों के बीईओ, बिजुआ 8765959473, निघासन 8765959474, पलियाकलां 8765959469 और धौरहरा 8765959481 के सीयूजी नंबर बंद मिले। ऐसा नहीं है कि विभागीय सीयूजी नंबर बंद होने की जानकारी अधिकारियों को नहीं है, लेकिन कार्रवाई न होने से बीईओ मनमानी पर उतारू हैं।
बैठक होने की वजह से बाढ़ प्रभावित स्कूलों का आंकड़ा बता पाना मुश्किल है। सीयूजी नंबर हर समय ऑन रखना जरूरी है। अगर बीईओ इस तरह की मनमानी कर रहे हैं तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए