परिषदीय स्कूलों में एमडीएम शेड बनवाने की कवायद तेज हो गई है। डीपीआरओ योगेंद्र कटियार की पहल पर कुछ पंचायतों में बनाए गए एमडीएम शेड को देखने के बाद सीडीओ नितीश कुमार ने इसे विस्तार देने की रूपरेखा बनाई है। जिले की करीब सौ ग्राम पंचायतों में एमडीएम शेड बनवाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें कुछ स्थानों पर कार्य भी शुरू हो गया है।
बता दें कि पिछले वर्ष बिजुआ ब्लाक के गांव बेलवा स्थित परिषदीय स्कूल में एमडीएम शेड को मॉडल के तौर पर बनाया गया था, जिसकी रूपरेखा डीपीआरओ योगेंद्र कटियार ने तैयार की थी। जबकि इसका निर्माण स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक नंदकिशोर दीक्षित और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ओमप्रकाश भार्गव ने अपनी देखरेख में कराया था। इस मॉडल को देखकर प्रभावित हुए सीडीओ नितीश कुमार ने इसे बच्चों के लिए सुविधाजनक और आकर्षक माना है। उन्होंने इसे समस्त विद्यालयों में बनवाने की योजना बनाई है। इस कड़ी में सबसे पहले 100 ग्राम पंचायतों के परिषदीय विद्यालयों में एमडीएम शेड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैै। सीडीओ के मुताबिक इसके निर्माण पर करीब दो लाख रुपये की लागत आएगी। ग्राम निधि के खाते से धनराशि व्यय करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजुआ के बाद लखीमपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर कैमहरा में सफलतापूर्वक एक एमडीएम शेड का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा करीब 10 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य प्रगति पर है।
अच्छा काम करने पर लखीमपुर बुलाया
बिजुआ ब्लाक में एमडीएम शेड बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ओमप्रकाश भार्गव को लखीमपुर ब्लाक में तैनाती दी गई है। अब वह सदर ब्लाक में एमडीएम शेड का निर्माण कराने में अपनी सेवाएं देंगे।
सीडीओ नितीश कुमार ने बताया कि एमडीएम शेड बनवाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। मौजूदा समय में बेहजम ब्लाक के बैरागर, गौरिया भीलम, बांकेगंज ब्लाक क ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 10, मोहम्मदी ब्लाक के ग्राम हरनहा सहित 10 पंचायतों में निर्माण कार्य जारी है।