लखीमपुर खीरी। बुधवार को दिन भर तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को खूब सताया। देर शाम मौसम बदला और तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्यियस, जबकि न्यूनतम पारा 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच सुबह से ही चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दिन चढ़ने के साथ ही धूप व उमस ने तेवर दिखाने शुरू किए तो लोगों ने छांव का सहारा लिया। हालांकि उमस की वजह से वहां भी लोगों को कोई राहत नहीं मिली। दोपहर में छुट्टी के बाद स्कूली बच्चे पसीने से तरबतर नजर आए।
देर शाम करीब साढ़े सात बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवा के साथ पहले बूंदाबांदी हुई, इसके बाद जोरदार बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को हवा चलने के साथ ही हल्की बारिश की संभावना है। बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना को लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।
तेज धूप में जाती महिलाएं। संवाद