10 सितंबर को बरेली में शहीद हुए दरोगा मनोज मिश्रा के परिवार को न्याय दिलाने के लिए भाजपाइयों का एक प्रतिनिधिमंडल पांचवें दिन सोमवार को उनके गांव हरदासपुर तब पहुंचा, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाध्यक्ष और प्रदेश मंत्री से तलब की।
प्रतिनिधिमंडल की अगुआई कर रहे सांसद अजय मिश्र टेनी ने दरोगा के परिवार वालों को पचास लाख रुपये आर्थिक सहायता की मांग की। प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता ने इसे प्रदेश सरकार की विफलता करार देते हुए सीबीआई जांच की मांग की। यहां भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शहीद दरोगा की प्रतिमा लगाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा, पूर्वमंत्री रामकुमार वर्मा, पूर्व विधायक शशिबाला भारती, महामंत्री आशू मिश्रा, अरविंद सिंह, मीडिया प्रभारी रमेशचंद मिश्रा, सुनील सिंह, अनुराग मिश्रा, संतोष मौर्य, जगदीश प्रसाद शाक्य, कृष्णचंद भार्गव सहित तमाम लोग शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने दरोगा के परिवार वालों को आश्वासन दिया कि वे गृह सचिव और गृहमंत्री को मामले की पूरी जानकारी देंगे।