लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आते ही विद्यार्थियों ने तैयारी का आकलन शुरू कर दिया है। कोई मॉडल पेपर हल कर कमजोरियां तलाश रहा है तो कोई पुराने प्रश्नपत्रों और महत्वपूर्ण सवालों से खुद को परख रहा है। कोचिंग संस्थानों और विषय विशेषज्ञों से भी मार्गदर्शन ले रहे हैं, ताकि बचे समय में कमजोर विषयों पर ध्यान दे सकें।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी 2027 तक चलेंगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे और दूसरी दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक होगी।
मॉडल पेपर से विद्यार्थी प्रश्नों के स्वरूप, समय प्रबंधन और उत्तर लिखने का अभ्यास कर रहे हैं। पुराने प्रश्नपत्रों से कमजोर अध्यायों की पहचान कर उन पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। गांधी विद्यालय के शिक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि वह विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी टिप्स दे रहे हैं। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शालिनी दुबे ने बताया कि जल्द पाठ्यक्रम पूरा कराकर अतिरिक्त कक्षाएं चलाई जाएंगी। शिक्षक विद्यार्थियों को परीक्षा की रणनीति समझाने और कमजोर विषयों पर ध्यान देने की सलाह दे रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सत्र 2026-27 का विषयवार पाठ्यक्रम, मॉडल पेपर और प्रश्न बैंक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया है। शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार कक्षा 10 और 12 का पाठ्यक्रम 10 जनवरी 2027 तक पूरा कराने का लक्ष्य है। इसके बाद रिवीजन कक्षाओं से विद्यार्थियों को तैयारी परखने का मौका मिलेगा।
-
परीक्षा की तैयारी में बोर्ड की वेबसाइट भी मददगार
यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर सत्र 2026-27 का विषयवार पाठ्यक्रम, मॉडल पेपर, प्रश्न बैंक और मासिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
-
स्कूल में पढ़ाई के साथ कोचिंग शिक्षक का भी सहयोग ले रहा हूं। इसके अलावा सैंपल पेपर हल कर रहा हूं। फिलहाल तैयारी अच्छी चल रही है।
-सत्यम, छात्र, कक्षा 10
यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर विभिन्न विषयों के सैंपल पेपर उपलब्ध हैं। इनसे तैयारी में काफी आसानी हो रही है। प्रश्नपत्र का प्रारूप समझने में मदद मिलती है। सवालों में उलझने पर शिक्षक पूरा सहयोग कर रहे हैं।
-अंशिका मिश्रा, छात्रा, कक्षा 10
छात्र सत्यम्