बिजली विभाग ने शहर के आवास-विकास और काशीनगर में बिजली की समस्या को देखते हुए छह नए ट्रांसफार्मर लगवाए हैं। इससे काफी हद तक लोगों को ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलेगी। पिछले दिनों इन्हीं मोहल्लों की महिलाओं ने सड़क जाम कर उपकेंद्र का घेराव और बिजली अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की थी। जिसके बाद लखनऊ मंडल के चीफ इंजीनियर अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने यहां का निरीक्षण किया था।
आवास विकास मोहल्ले में करीब 1200 बिजली कनेक्शन हैं लेकिन 400 केवीए और 250 केवीए के दो ट्रांसफार्मरों पर ही पूरे मोहल्ले की बिजली सप्लाई टिकी थी। भीषण गर्मी में दोनों ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। बिजली विभाग ने आवास विकास में 100केवीए के तीन नए ट्रांसफार्मर लगा दिए हैं। इससे ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग से लोगों को राहत मिलेगी। इसी तरह काशीनगर मोहल्ले में अब ट्रांसफार्मरों की संख्या दो से बढ़ाकर पांच कर दी गई है। बिजली विभाग ने काशीनगर मोहल्ले में 100केवीए के तीन नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इससे मोहल्ले के करीब छह-सात सौ घरों को बिजली की ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग से राहत मिलेगी। जेई मनोज पुष्कर ने बताया कि दोनों मोहल्लों में एआरपीडीआरपी योजना के तहत नए ट्रांसफर्मर लगाए गए हैं। कुछ और कमियों को भी सुधारा जाना है।