डीपीआरओ ने दो सफाईकर्मी किए सस्पेंड
विकास भवन में धरना देने पहुंचे लोग भाग निकले
घटना के बाद मिनटों में खाली हुआ खचाखच पंडाल
पंचायत राज सेवा परिषद ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मंगलवार को विकास भवन परिसर में धरना प्रदर्शन का आयोजन किया था। जहां बाइक खड़ी करने को लेकर एक सफाईकर्मी और होमगार्ड के बीच विवाद हो गया। सफाईकर्मी के उलझने पर होमगार्ड ने डंडा चला दिया, जिसके बाद धरने पर मौजूद सफाई कर्मियों ने होमगार्ड को घेरकर पीट दिया। इससे परिसर में अफरातफरी मच गई। धरने पर जुटे तमाम लोग मौके से भाग निकले। घटना से आहत डीपीआरओ सुनील पांडेय ने तुरंत ही धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का एलान कर दिया। देखते ही देखते कर्मचारियों से खचाखच भरा पंडाल खाली हो गया। मामले में आरोपी दो सफाईकर्मी की शिनाख्त के बाद डीपीआरओ ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है।
विकास भवन परिसर में पंचायत राज सेवा परिषद ने पंडाल लगाकर करीब 11 बजे धरना प्रदर्शन शुरू किया। सभी ब्लाकों से ग्राम पंचायत अधिकारियों और सफाईकर्मियों को धरने में बुलाया गया था, जिससे लोगों के आने का सिलसिला चल रहा था। विकास भवन गेट पर होमगार्ड विजय प्रताप और संतराम त्रिवेदी तैनात थे। करीब 11.40 बजे फूलबेहड़ ब्लाक के राजस्व ग्राम दलेलनगर में तैनात सफाईकर्मी रामसहाय बाइक से विकास भवन पहुंचा और बाइक गेट के पास ही खड़ी कर दी। इस पर होमगार्ड विजय प्रताप ने बाइक दूसरी जगह खड़ी करने के लिए कहा, जिसके बाद सफाईकर्मी से विवाद हो गया। तनातनी होने पर होमगार्ड ने सफाईकर्मी को डंडे से पीट दिया, जिसके बाद सफाईकर्मी ने धरना पर मौजूद साथियों से पीटे जाने की बात कही। इस पर सफाई कर्मचारी भड़क गए। होमगार्ड के पास पहुंचकर विरोध जताया, तो भीड़ देखकर घबराए होमगार्ड विजय प्रताप ने डंडा दिखाकर बचने का प्रयास किया, लेकिन उग्र हो चुके दर्जनों सफाई कर्मियों ने होमगार्ड को पकड़ लिया, फिर डंडा छीनकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान विकास भवन के कुछ कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर होमगार्ड को सफाई कर्मियों के चंगुल से छुड़ाया, जिसके बाद होमगार्ड ने विकास भवन में छिपकर जान बचाई।
धरना स्थल से चंद कदम दूर हुई घटना पर अफसोस जताते हुए सेवा परिषद के अध्यक्ष एवं डीपीआरओ सुनील कुमार पांडेय ने फौरन धरना स्थगित करने की घोषणा कर दी, जिससे कुछ देर में ही धरना स्थल सूना हो गया। घटना की सूचना पर एसएसआई जेपी यादव और रोडवेज चौकी इंचार्ज मनोज सिंह मयफोर्स विकास भवन पहुंचे और कर्मचारियों-अधिकारियों से घटना के बारे में पूछताछ की। डीपीआरओ ने बताया कि घटना में शामिल दलेलनगर के सफाईकर्मी रामसहाय और भीखमपुर के दशरथ को सस्पेंड कर दिया है। अन्य कर्मियों की पहचान कराई जा रही है।
दो नामजद समेत 50 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
होमगार्ड विजय प्रताप की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी सफाईकर्मी रामसहाय और दशरथ समेत 50 अज्ञात के खिलाफ धारा 147, 323, 332, 353, 504, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल रामजी चौधरी ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पंचायत कर्मियों को आ रही साजिश की बू
लखीमपुर खीरी। पूरे घटनाक्रम से विकास भवन में दिनभर अफरातफरी का आलम रहा। ग्राम्य विकास विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे पंचायत राज कर्मचारियों ने इस घटना के पीछे साजिश होने की बात कही है। सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि दो सुरक्षा कर्मियों ने धरने में शामिल होने जा रहे कर्मचारियों को रोक रहे थे। आरोप है कि विभागीय धरने की बात कहे जाने पर होमगार्डों ने सफाईकर्मी से अभद्रता करते हुए पिटाई कर दी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जाए, नहीं तो प्रदेश स्तर पर सफाई कर्मचारी आरोपी सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ आंदोलन करेंगे।