लखीमपुर खीरी के निघासन थाना क्षेत्र में सोमवार की रात चौकी इंचार्ज समेत चार पर फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर तौकीर उर्फ मिर्ची को पुलिस ने मंगलवार की रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस बार भी तौकीर पुलिस टीम पर फायरिंग से नहीं चूका। गनीमत रही कि फायरिंग में कोतवाल डीके सिंह बाल बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की देर रात तीन बजे पुलिस को दुलही साइफन के पास हिस्ट्रीशीटर तौकीर उर्फ मिर्ची की लोकेशन मिली, जिसके बाद पहले से ही तौकीर की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए दुलही साइफन के पास तौकीर को घेर लिया।
एसओजी टीम समेत निघासन इंस्पेक्टर डीके सिंह, ढखेरवा चौकी इंचार्ज लाल बहादुर मिश्र समेत पुलिस टीम ने जब उसे घेर लिया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में तौकीर के तमंचे से निकली कोतवाल डीके सिंह को जा लगी। गनीमत रही की वह बुलेट प्रूफ जैकेट पहने थे, जिससे बाल बाल बच गए।
जबकि पुलिस की तरफ से हुई फायरिंग में तौकीर उर्फ मिर्ची के बाएं पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद पुलिस की गिरफ्त में आए तौकीर उर्फ मिर्ची को सीएचसी अस्पताल लेकर जय गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने कहा कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची थी। घेराबंदी कर जब टीम तौकीर को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, उसी समय उसने मेरे ऊपर फायरिंग कर दी, बुलेट फ्रूफ जैकेट के कारण बाल- बाल बच गया। वहीं जवाबी कार्रवाई में मिर्ची के पैर में गोली लगी है, जिसे सजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।