लिलौटीनाथ मंदिर परिसर में विवाद के दौरान महंत से वार्ता करते तहसीलदार सदर। संवाद
महेवागंज। पौराणिक लिलौटी नाथ शिव मंदिर परिसर में दूसरे समुदाय के लोगों के दुकान लगाने के विरोध में हिंदू संगठनों ने हंगामा किया। यह देख महंत ने कुछ देर के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए। कपाट बंद होने से सोमवती अमावस्या पर पूजन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को परेशानी हुई। तहसील अधिकारियों और पुलिस ने मामले को शांत कराया।
मंदिर परिसर में लगने वाली दुकानों की अनुमति और ठेका मंदिर समिति देती है। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि काफी समय से दूसरे समुदाय के कुछ दुकानदार भी मेले और धार्मिक पर्वों पर मिठाई की दुकान लगाते आ रहे हैं। उन्होंने प्रसाद बिक्री में गंभीर आरोप लगाए। सोशल मीडिया में भी मामले ने तूल पकड़ा। फिलहाल संगठन के विरोध के चलते माहौल गर्म हो गया।
उधर, मंदिर के महंत मुन्ना गिरि, पंकज, राहुल, मनोहर गिरि ने संगठन के लोगों पर अराजकता और माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। हिंदू संगठन से जुड़े देव जुनेजा, रमाकांत अवस्थी, राकेश, संदीप, आकाश, सौरभ, सचिन समेत कई लोगों ने गैर समुदाय के लोगों की दुकानों को हटाए जाने मांग करते हुए तहसीलदार सदर को ज्ञापन सौंपा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया दोनों पक्षों ने ज्ञापन दिया है। दो दिन का समय दिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।