दुधवा के जलाशय पर निगरानी करती वन कर्मियों की टीम। स्रोत : वन विभाग।
बांकेगंज। बर्ड फ्लू की आशंका में मद्देनजर दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) में हाई अलर्ट जारी किया गया है। डीटीआर के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने वन कर्मियों की टीमें गठित कर वेटलैंड, जलाशयों और जंगल की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। टीमों को पीपीई किट समेत सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने बताया कि बर्ड फ्लू (h5n1) विषाणु की आशंका के चलते वेटलैंड और जलाशयों की कड़ी चाैकसी बरती जा रही है। इसके लिए तीनों प्रभागों दुधवा, बफरजोन और कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग की सभी बीटों में वन कर्मियों की टीमें गठित कर यहां प्रवास करने वाले प्रवासी और स्थानीय परिंदों की चौबीस घंटे बारी-बारी से कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
इस बात पर भी जोर दिया गया कि केंद्र और राज्य सरकार की गाइड लाइन के अनुरूप सभी जरूरी सुरक्षा के मानकों का पूर्ण पालन किया जाए। इसके अलावा समय समय पर पशु चिकित्सकों की टीमें वेटलैंड और जलाशयों का भ्रमण कर कलरव करते और आसमान में उड़ने वाले पक्षियों की गतिविधियों का बारीकी से अध्ययन कर रहीं हैं। किसी भी पक्षी में कोई असामान्य गतिविधि मिलने पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
एफडी ने बताया कि हालांकि किसी भी पक्षी में कोई भी असामान्य गतिविधि अब तक दिखाई नहीं दी है। इसके बावजूद डीटीआर प्रशासन पक्षियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर मुस्तैद है।
जंगल से सटे पोल्ट्री फार्मों पर रहेगी खास नजर
एफडी डॉ. एच राजामोहन ने बताया कि बर्ड फ्लू की आशंका के मद्देनजर जंगल से सटे पोल्ट्री फार्म और गांवों में निगरानी टीमों को कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। टीमों से पक्षियों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। किसी भी पक्षी में बर्ड फ्लू के लक्षण पाए जाने पर नमूना लेकर जांच के लिए उच्च सुरक्षा पशु रोग प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा।