गर्मी में शहरी मोहल्लों की पेयजल सप्लाई लड़खड़ा गई है। दो नलकूपों के मोटर और उन पर लगे ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण एक दर्जन से अधिक मोहल्लों में पानी की समस्या गहराती जा रही है। लापरवाही का आलम यह है कि न तो नगर पालिका और न ही बिजली विभाग लोगों की समस्याओं की ओर ध्यान दे रहे हैं। इस कारण कई मोहल्ले के लोग पेयजल के लिए परेशान हैं।
नगर पालिका के कंपनी बाग स्थित ओवरहेड टैंक को मिश्राना और कंपनी बाग के पास ही लगे तीन नलकूपों से भरा जाता है। बताते हैं कि पिछले कई दिन से ईओ आवास के पास लगे नलकूप का मोटर फुंका है। इससे पेयजल सप्लाई में परेशानी हो रही है। वहीं नगर पालिका गेस्ट हाउस के पास स्थित नलकूप पर बिजली सप्लाई के लिए लगा 25केवीए का ट्रांसफार्मर 15 दिनों में कई बार फुंक चुका है। चार दिन पहले यह ट्रांसफार्मर तीसरी बार फुंका, जिसे नहीं बदला गया। इस कारण दो नलकूपों से ओवरहेड टैंक में पानी नहीं भरा जा रहा है, सिर्फ मिश्राना के नलकूप से ही ओवरहेड टैंक को पानी मिल रहा है। ऐसे में थरबरनगंज, संकटा देवी, मिश्राना, अर्जुनपुरवा, जेल कॉलोनी, जिला अस्पताल, मेन बाजार आदि जगहों पर पानी की किल्लत गहरा गई है। लोगों का कहना है कि नलकूपों की खराबी से ओवरहेड टैंक नहीं भर पा रहा है। जिससे पेयजल सप्लाई ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा है। वहीं आवास विकास मोहल्ले में भी नलकूप का मोटर पाइप लाइन में चला गया है, पिछले चार दिन से मोटर निकालने की कोशिश हो रही। मोटर न निकलने की स्थिति में नलकूप ठप पड़ा है। हालांकि इससे पेयजल की सप्लाई पर कोई असर नहीं है।
----------------
पलिका सदस्यों ने की शिकायत
पेयजल सप्लाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर मिश्राना की पालिका सदस्य कुसुम शुक्ला और संकटा देवी के सदस्य कुमुदेश शंकर शुक्ला ने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव से शिकायत की है। दोनों सदस्यों का कहना है कि ट्रांसफार्मर और मोटर फुंकने से सिर्फ मिश्राना स्थित नलकूप से ही ओवरहेड टैंक में पानी भर पा जा रहा है। इससे टैंक फुल नहीं हो पा रहा और पेयजल सप्लाई में दिक्कत आ रही है।
अध्यक्ष नगर पालिका डॉ. इरा श्रीवास्तव ने बताया कि लोड बढ़ने पर जिन-जिन नलकूपों के मोटर फुंके हैं, उन सभी को दुरुस्त करा दिया गया है। ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण कंपनी बाग में दिक्कत आ रही है। बिजली विभाग के जेई से ट्रांसफार्मर बदलवाने को कहा गया है। नगर पालिका नलकूपों के जनरेटरों को तीन घंटे के लिए डीजल मुहैया कराती है। ट्रांसफार्मर की समस्या को देखते हुए छह घंटे के लिए डीजल दिया जाएगा।
जेई नई बस्ती उपकेंद्र मनोज पुष्कर ने बताया कि कंपनी बाग का ट्रांसफार्मर कई बार फुंक चुका है। रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष का इस बाबत फोन आया था। जिसके बाद ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ट्रांसफार्मर बदला दिया जाएगा।
तेल की कमी से शोपीस बने जनरेटर
कंपनी बाग में बिजली न होने पर
जनरेटर से पानी की सप्लाई की व्यवस्था है, लेकिन कई दिनों से तेल की कमी के
कारण जनरेटर भी नहीं चल पा रहा है। इससे समस्या और बढ़ गई है।