पसगवां। कस्बा जंगबहादुरगंज में डेंगू की चपेट में आने से एक महिला की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि कस्बा निवासी आत्मप्रकाश शर्मा की डेंगू के कारण कुछ दिन पहले ही मौत हो चुकी है।
इसके बावजूद न तो स्वास्थ्य विभाग ने कस्बे में शिविर लगाना जरूरी समझा और न ही तहसील प्रशासन ने साफ सफाई की सुधि ली। जबकि कस्बे में करीब 50 लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में हैं। कस्बा निवासी मुन्नी देवी (67) पत्नी होरीलाल गुप्ता का डेंगू की चपेट में आने पर शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर घरवाले मुन्नी देवी को लेकर लखनऊ जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुत्र संदीप गुप्ता ने बताया कि बुखार आने पर मां की शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर डेंगू होना बताया गया। फायदा न होने पर बृहस्पतिवार को लखनऊ लेकर जा रहे थे। मगर, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। संवाद