लखीमपुर खीरी। कोरोना को हराने के लिए वैक्सीन रूपी हथियार जल्द ही आने वाला है, जिसके रखरखाव के लिए जिले में चाक चौबंद व्यवस्था की गई है । वैक्सीन आने पर सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई जाएगी। वैक्सीन लगाते समय किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो और टीकाकरण कराने वालों को मानसिक रूप से तैयार करने के लिए मंगलवार को पूर्वाभ्यास किया जाएगा, जिसके लिए जिला एवं महिला अस्पताल सहित छह सीएचसी का चयन किया गया है।
मॉकड्रिल के दौरान हर वह प्रक्रिया अपनाई जाएगी जो हकीकत में टीकाकरण के दौरान होती है। असलियत में टीकाकरण के दौरान कोई कमी न रहने पाए इसलिए सीएमओ एवं एसीएमओ की निगरानी में पूर्वाभ्यास होगा। इसके लिए इन सभी केंद्रो पर सौ लोगों को टीका लगाने की सामग्री भेजी गई है। हर केंद्र पर तीन कमरों का टीकाकरण कक्ष बना है, जहां पर तीन टीमें मौजूद रहेगी, जिसमें तीन- तीन सदस्य होंगे। हर सदस्य की अपनी अलग जिम्मेदारी होगी, जिसका सतर्कता के साथ निर्वहन करना होगा। उधर, सोमवार को एसडीएम (अतिरिक्त) रेनू ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.बलबीर सिंह के साथ महिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन के लिए बनाए गए टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमएस डॉ. नसरीन आदि मौजूद रहीं।
.
टीकाकरण टीम: पहली टीम का कार्य
-टीकाकरण के लिए आने वालों का अभिवादन करना
-मौजूद लिस्ट से नाम का मिलान करना
-हाथ सैनिटाइज कराना
-लाभार्थी को प्रतीक्षालय में भेजना
.
दूसरी टीम का कार्य
-उपलब्ध सूची से नाम का मिलान करना
-आधार कार्ड से लाभार्थी की पहचान करना
-लाभार्थी से टीकाकरण कार्ड भरवाना
-पोर्टल से लाभार्थी का मिलान करना
-लाभार्थी को टीकाकरण कक्ष में भेजना
.
तीसरी टीम का कार्य
-लाभार्थी से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेना
-सुरक्षित तरीके से टीका लगाना
-वैक्सीन लगाने के बाद अपशिष्ट को सुरक्षित तरीके डिस्पोज करना
-टीकाकरण के संबंध में जरूरी जानकारी देना कि टीका कोरोना से बचाव के लिए लगाया जा रहा है, टीकाकरण के बाद हल्का बुखार, सूजन आना सामान्य बात है, अगली बार 28 दिन बाद टीका लगवाने के लिए आना है, दूसरी डोज लगवाना भी जरूरी है। इस बीच कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें।
-टीका लगवाने के बाद लाभार्थी को निगरानी कक्ष में भेजना
.
टीकाकरण सहायक का काम
वैक्सीन लगाने वाले का सहयोग करना और कोविन पोर्टल पर लाभार्थी की एंट्री करने में सहायता करना।
.
मॉकड्रिल को लेकर नामित स्वास्थ्य अधिकारी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र- अधिकारी
पलिया-सीएमओ डॉ. मनोज कुमार, बेहजम-एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, फरधान-एसीएमओ डॉ. बीसी पंत, महिला अस्पताल- जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बलबीर सिंह, जिला अस्पताल- एसीएमओ डॉ. एसके चक, नकहा- एसीएमओ डॉ. रविंद्र शर्मा
.
टीका लगवाने वालों का बनेगा कार्ड
कोरोना का टीका जिस किसी को लगाया जाएगा। स्वास्थ्य महकमा उसका कार्ड बनाएगा, जिस पर क्रम संख्या के साथ नाम,पता, मोबाइल नंबर, वैक्सीन ब्रांड एवं दूसरी डोज लगने की तारीख एवं चरण दर्ज होगा। कार्ड के पीछे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने एवं टीकाकरण होने के बाद सामान्यत: नजर आने वाले लक्षण की जानकारी दी होगी। स्वास्थ्य महकमे के लोगों का कहना है कार्ड पर जो लक्षण दिए हैं इनके होने का मतलब वैक्सीन अपना काम कर रही है।
.
किसी प्रकार की दिक्कत होने पर इन टोल फ्री नंबर पर करें कॉल
राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर-1075
प्रदेश हेल्पलाइन नंबर-104
.
कोरोना वैक्सीन लगाने का मंगलवार को पूर्वाभ्यास होगा। जिला एवं महिला अस्पताल सहित सीएचसी पलिया, बेहजम, नकहा एवं फरधान चयनित है। वहां पर मॉकड्रिल होगा। पलिया में मैं स्वयं मौजूद रहूंगा, जबकि अन्य जगहों के लिए एसीएमओ को नामित कर दिया है।
-डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ
.
पुलिस एवं एसएसबी अधिकारियों से मांगी सूची
लखीमपुर खीरी। कोरोना वैक्सीन पहले चरण में सरकारी और निजी अस्पताल के डॉक्टरों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ को लगनी है, इसके बाद सुरक्षा कमियों को। इसके लिए सोमवार को एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में पुलिस, एसएसबी आदि अधिकारियों को इसके बारे में जानकारी दी गई। यूनीसेफ के मुकेश कुमार ने अधिकारियों को विभाग के समस्त कर्मचारियों का ब्यौरा मांगा है। वैक्सीन लगाने के लिए किस तरह सूची तैयार कर शासन को भेजनी है इसके बारे में जानकारी दी। बैठक में एसएसबी, पुलिस, होमगार्ड आदि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद