लखीमपुर खीरी। सर्दी चरम पर है। सुबह शाम जहां शीतलहर चल रही है तो वहीं दिन में धूप निकल रही है। हवा चलने के बावजूद धूप लोगों को सर्दी में गर्मी का एहसास करा रही है। ऐसे में लोग सुबह शाम की ठंड में पर्याप्त गर्म कपड़े पहनते हैं। मगर, धूप निकलने पर लापरवाही बरतते हैं। जबकि ऐसा करना सेहत को तकलीफ दे सकता है। सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने से लेकर खानपान के मामले में बेहद सतर्क रहने की जरूरत है, जरा सी भी लापरवाही मुसीबत बढ़ा सकती है।
जिला अस्पताल के ईएमओ ( इमरजेंसी मेडिकल अफसर) डॉ. एसके सिंह बताते हैं कि सुबह शाम सर्दी और दिन में धूप निकल रही है। ऐसे मौसम को लेकर लोग बेपरवाह हो जाते हैं। धूप निकलने पर गर्म कपड़े पहनने में भी लोग लापरवाही करते हैं। जबकि ऐसा करना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। दिन में पर्याप्त गर्म कपड़े पहने रहें और सुबह शाम सिर ढक कर ही घर से निकलें। बाइक चलाते समय हेलमेट और दस्तानों का प्रयोग करें। खानपान दुरुस्त रखने के लिए मौसमी हरी सब्जियों का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करें। निश्चित समय पर भोजन न करना और भूख लगने पर कुछ भी खा लेने से पेट संबंधी बीमारियां बढ़ जाती हैं। इसलिए भूूख लगने पर भोजन अवश्य करें और पानी खूब पियें।
.
सर्दी, जुकाम, बुखार और डायरिया के बढ़ रहे मरीज
जिला अस्पताल में रोजाना सर्दी, जुकाम, बुखार, डायरिया के मरीज बढ़ रहे हैं। इसमें बच्चों से लेकर बड़े तक शामिल है। फिजीशियन डॉ. आरएस मधौरिया का कहना है कि ठंड के दिनों में खाने से लेकर पहनने के मामले में जरा सी लापरवाही सेहत बिगाड़ सकती है। इसलिए मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करते हुए गर्म कपड़े पर्याप्त मात्रा में पहनें।
.
धूप में लिया आनंद
सुबह, शाम की शीतलहर ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सबसे ज्यादा दिक्कत अस्पताल में भर्ती मरीजों को होती है। बुधवार को धूप निकलने पर मरीजों के चेहरे खिल गए। जिला और महिला अस्पताल में भर्ती मरीज और प्रसूताएं खुले मैदान में गुनगुनी धूप सेंकती दिखीं, मगर शाम होते ही सब फिर से अपने अपने वार्डों में रजाई में जा दुबके।
.
सर्दी से बचाव के मामले में लापरवाही बिल्कुल न करें। सुबह शाम बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें। मौसमी सब्जियों और फलों का सेवन करें। पीने में गर्म पानी का उपयोग करें। साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। किसी प्रकार की दिक्कत होने पर बिना लापरवाही किए अस्पताल आकर डॉक्टर को जरूर दिखाएं।
-डॉ. एसके सिंह, ईएमओ जिला अस्पताल
सात नए कोरोना संक्रमित और मिले
लखीमपुर खीरी। जनपद में बुधवार को सात नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक लैब से कुल 564 रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, जिसमें पांच पॉजिटिव एवं 559 नेगेटिव हैं। वहीं एक अन्य लैब व एक एंटीजन से पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई है। लखीमपुर तहसील के मोहल्ला सुंदरपुरम में तीन, मंगलीपुरवा फूलबेहड़ में एक, तहसील गोला गोकरननाथ के अंबारा में एक संक्रमित मिला है। वहीं दो संक्रमित मरीजों को अभी ट्रैक किया जा रहा है। संवाद