एआरवी लगवाने के लिए सीएचसी में साथियों के साथ धरना देते आदेश जोशी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। जिले में एआरवी (एंटी रैबीज वैक्सीन) का संकट बढ़ने लगा है। शनिवार को इसे लगवाने के लिए एक ग्रामीण को मोहम्मदी सीएचसी में धरना देना पड़ा, तब जाकर कहीं उसे वैक्सीन लग सकी।
सीएचसी मोहम्मदी क्षेत्र के गांव मूड़ा गालिब निवासी न्याय समाज पार्टी के राष्ट्रीयध्यक्ष आदेश जोशी ने बताया कि 18 नवंबर को कुत्ते ने काट लिया। वैक्सीन लगवाने के लिए जब सीएचसी गए तो वहां मौजूद स्टाफ ने वैक्सीन न होना बताकर दूसरे दिन आने को कहा। इस तरह तीन दिन दौड़ते रहे, लेकिन वैक्सीन नहीं लग सकी। स्टाफ के लोग बाहर खरीद कर लगवाने की सलाह देते रहे। इसलिए शनिवार दोपहर सीएचसी पर साथी राजाराम, आलोक जोशी के साथ भूख हड़ताल शुरू कर दी। साथियों के साथ धरना देने से सीएचसी में हड़कंप मच गया। सीएचसी अधीक्षक ने एक कर्मचारी को जिला मुख्यालय भेजकर वैक्सीन लगवाई तब जाकर आदेश जोशी ने धरना समाप्त किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वैक्सीन खत्म हो गई थी। शनिवार को स्टोर से मिलने पर वैक्सीन लगवा दी गई है। संवाद