मानसिक जागरूकता सप्ताह में वर्चुअल बैठक करते सीएमओ। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल बैठक हुई। डीएम, सीएमओ एवं मनोचिकित्सक सहित 15 स्कूलों के शिक्षक और छात्र शामिल हुए। इस दौरान छात्र छात्राओं के सवालों का मनोचिकित्सक ने जवाब देकर उन्हें संतुष्ट किया।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना काल में मानसिक बीमारियां बढ़ी हैं। बच्चों से लेकर बड़े तक तनाव में हैं। उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए संघर्षरत रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि तनाव किसी को भी हो सकता है। आज लगभग सभी लोग तनाव ग्रस्त हैं। मगर, इसका बढ़ना खतरनाक है। उन्होंने कहा कि बहुत से बच्चे ऐसे हैं जो अपने भविष्य को लेकर दुविधा में हैं। इनके मां बाप को चाहिए कि वे बच्चे की मनोभावना जानकर उसका सहयोग करें। यदि मां बाप अपनी मर्जी बच्चों पर थोपते हैं तो वे निश्चित रूप से परेशान होंगे। उन्होंने पढ़ाई के साथ शारीरिक श्रम करने की सलाह दी। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने कहा कि तनाव को लेकर ही सीएचसी पर काउंसलर और जिला अस्पताल में मनोचिकित्सक की तैनाती हुई है। मनोचिकित्सक डॉ. अखिलेश शुक्ला ने छात्रों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए वार्तालाप, संवाद का आदान प्रदान और व्यायाम करने की प्रेरणा दी। साथ ही पौष्टिक आहार का सेवन कर नशे से दूर रहने कर सलाह दी। एसीएमओ डॉ. रवि प्रकाश दीक्षित, डॉ. आरके गुप्ता, विजय वर्मा, अतुल पांडे, विवेक मित्तल, देवनंदन श्रीवास्तव, पंकज जायसवाल, मयंक गौतम आदि मौजूद रहे।
.....
यहां मिलेगा परामर्श
सीएमओ ने बताया कि मोबाइल नंबर 9336503562 एवं मन कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 05872273962 पर सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक फोन पर संपर्क कर सकते हैं।