रोडवेज में बसों की प्रतीक्षा में खड़े यात्री
गोला गोकर्णनाथ। गोला रोडवेज डिपो में 29 बसों के चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने से बसों की कमी हो गई है। यात्रियों को घंटा बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।
गोला रोडवेज डिपो में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की 88 और 31 अनुबंधित बसें हैं। इनमें से बीएस छह श्रेणी की 29 बसों को लांग रूट से हटाकर लोकसभा चुनाव में भेजा गया है। इनके स्थान पर अन्य रूटों की बीएस चार श्रेणी की बसों को लांग रूट के संचालन में लगाया गया हैं। 11 बसें वापस आ गई हैं, लेकिन अभी तक बसों की कमी की समस्या बनी है।
बसों के अभाव में लोकल रूट के यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई हैं। रविवार को बरेली रूट की तीन बसों को निरस्त किया। इससे शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत सहित लोकल रूट के तमाम यात्री इंतजार करते दिखे। डिपो इंचार्ज कमलेश कुमार वर्मा ने बताया कि यात्रियों की संख्या के आधार पर बसों को भेजा जा रहा है। यात्री बढ़ते हैं तो बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।