कच्ची शराब बेचने वालों के खिलाफ बुधवार को भी अभियान चला। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सैधरी, सिंघनिया, बन्नी और खीरी थाना क्षेत्र के गांव रुद्रपुर खुर्द में सीओ सिटी एमपी सिंह और आबकारी निरीक्षक डीपी तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। जिले भर में 102 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 1582 लीटर शराब बरामद की गई और 67 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए, जिसमें से अधिकतर को थाने से जमानत दे दी गई।
कहां कितनी पकड़ी गई शराब
कोतवाली/थाना बरामद शराब (लीटर) गिरफ्तारी
लखीमपुर 150 07
हैदराबाद 100 09
मैलानी 25 03
नीमगांव 215 03
मोहम्मदी 340 07
मितौली 90 12
ईसानगर 125 06
पसगवां 80 08
मैगलगंज 90 04
गोला 102 05
अन्य 265 03
कुल बरामदगी 1582 67
ग्रामीण इलाके की बाजारों में बिकती है कच्ची शराब
लखीमपुर/बिजुआ (खीरी)। कच्ची शराब बनाने में माफिया का बोलबाला है। पुलिस की खामोशी कहें या फिर कानून का उदार पहलू इनके हौसलों को बढ़ा रहा है। जिले की गोला कोतवाली अंतर्गत अलीगंज और मैलानी की सुआबोझ में बसी एक कॉलोनी कच्ची के कारोबारियों के लिए जानी जाती है। यही नहीं पास गांव में लगने वाली साप्ताहिक ग्रामीण बाजारों में खुले तौर पर शराब बिक्री की जाती है।
भीरा-बिजुआ क्षेत्र में दर्जनों गांव कच्ची के काले धंधे के लिए कुख्यात हैं। गोला से आठ किमी दूर अलीगंज रोड स्थित एक कॉलोनी में गांव के बाहरी हिस्से में कच्ची शराब की भट्ठियां प्रशासन को चुनौती दे रहीं हैं। आलम यह है कि इस कॉलोनी में दबिश देने के लिए पुलिस भी खौफ खाती है। कॉलोनी से दो किमी दूर भैंठिया गांव की बाजार में दुकान लगाकर कच्ची शराब की बिक्री होती है। जबकि बाजार में ही एक धार्मिक स्थल भी है, कई बार ग्रामीणों ने विरोध किया लेकिन कोई भी असर नहीं हुआ। अलीगंज चौकी क्षेत्र के भदेंड़ गांव में कुछ माह पूर्व कई बार आग लगने पर तो ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित में शिकायत की थी। फिर भी गांव में कच्ची के कारोबार पर कोई अंकुश नहीं लग पाया।
शाम होते ही शुरू हो जाती है बिक्री
भीरा थाना व पुलिस चौकी बिजुआ क्षेत्र के रैनागंज, दंबलटांडा, मिट्ठू टांडा, इटकुटी, गुलरिया, मुड़िया हेमसिंह, नौसर जोगी और पड़रिया तुला समेत करीब दर्जनों गांव में लोगों का कुटीर उद्योग के रूप में कच्ची शराब का धंधा बन गया है। शाम होते ही इन गांवों में कई घर पियक्कड़ों के ठिकाने बन जाते हैं। वहीं शारदा नदी के किनारे निघासन और भीरा थाना क्षेत्र के बार्डर इलाके में धधक रहीं भट्टियां प्रशासन को चुनौती दे रहीं हैं।
एसपी अरविंद सेन ने बताया कि जिले में दूसरे दिन बुधवार को102 स्थानों पर छापेमारी की गई है। इससे 1582 लीटर शराब बरामद की गई है। दूसरे दिन के अभियान से कच्ची के कारोबार पर अंकुश लगने जैसी स्थिति आ गई है। अभी अभियान जारी रहेगी।