बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के मामले में सरकार की ओर से आठ चीनी मिलों को 28.60 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। जिसके सापेक्ष आठ चीनी मिलों ने किसानों को भुगतान कर दिया है। सोमवार को सात मिलों ने एक अरब 93 करोड़ 81 लाख 75 हजार रुपये भुगतान किया है। जबकि बेलरायां मिल कुछ दिन पहले भुगतान कर चुका है। गोला चीनी मिल को तकनीकी कारणों के चलते सहायता राशि नहीं मिली है, जिससे भुगतान नहीं किया गया है। इसके बावजूद सभी नौ चीनी मिलों पर चार अरब 90 करोड़ 85 लाख 33 हजार रुपये गन्ना मूल्य बकाया है।
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव के मुताबिक आठ मिलों ने सहायता राशि का भुगतान किसानों को कर दिया है। पलिया ने 34 करोड़ 70 लाख 41 हजार, खंभारखेड़ा ने 31 करोड़ 94 लाख 77 हजार, ऐरा ने 25 करोड़ 40 लाख 27 हजार, अजबापुर ने 24 करोड़ 87 लाख 59 हजार, कुंभी ने 29 करोड़ 89 लाख 51 हजार, गुलरिया ने 26 करोड़ 23 लाख 97 हजार और संपूर्र्णानगर ने 20 करोड़ 75 लाख 23 हजार रुपये किसानों के खातों में भुगतान किया है। जबकि बेलरायां मिल ने कुछ दिन पूर्व ही भुगतान कर दिया था। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि गोला मिल को तकनीकी कारणों के चलते सहायता राशि अभी नहीं मिली है, धनराशि मिलते ही भुगतान कराया जाएगा।