कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में डांस के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जबकि और लोग तमाशबीन होकर डांस देख रहे है। मंगलवार की देर रात सोशल मीडिया पर डांस के दौरान फायरिंग का वीडियो वायरल हो गया, जो धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के चिकनाजती गांव का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक सुभाष वर्मा नाम के व्यक्ति के घर मे तिलक समारोह का आयोजन था, जहां डांस पार्टी का प्रोग्राम रखा गया था, जिसमें कुछ लोगो के द्वारा डांस के दौरान हर्ष फायरिंग की जा रही हैं। इस संबंध में जब कोतवाल धौरहरा से जानकारी की गई तो बताया कि उनकी जानकारी में मामला नही है। बताया कि वह पुलिस टीम भेजकर मामले को दिखवा रहे है। अगर ऐसा है तो कार्यवाही की जाएगी।
बीते कुछ दिनों में हुईं हर्ष फायरिंग की कई घटनाएं, एक में तो दुल्हन ने थामा रिवॉल्वर-
प्रतापगढ़
शादियों में अक्सर पुरुषों द्वारा हर्ष फायरिंग किए जाने के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा क्षेत्र में एक शादी में खुद दुल्हन ने खुशी में रिवॉल्वर से गोली चलाई। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक अशोक तोमर ने मंगलवार को बताया कि जेठवारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मण का पुरवा निवासी गिरिजा शंकर पाण्डेय की बेटी रूपा पाण्डेय ने गत 30 मई को अपनी ही शादी में जयमाल के दौरान अपने चाचा रामवास पाण्डेय की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
बाराबंकी
पुलिस व प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद वैवाहिक समारोह में हर्ष फायरिंग के मामले थम नहीं रहे है। कुर्सी थाना क्षेत्र के एक गांव में तिलक समारोह में हुई हर्ष फायरिंग का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। कुर्सी थाना क्षेत्र में तिलक उत्सव के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो कुर्सी थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर निवासी सुभाष यादव के यहां का बताया जा रहा है। बताया जाता है कि देशराज यादव के पुत्र सुभाष यादव का सोमवार को तिलक समारोह था। यह वायरल वीडियो 18 सेकेंड का है। वीडियो में एक तिलक समारोह चल रहा है। इस दौरान वहां बैठा एक युवक अपनी बंदूक लोड करता है और आसमानी फायर करता है।