सियाचिन में शून्य से 45 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान में 144 घंटे तक 25 फुट गहरी बर्फ में फंसे रहने के बाद भी मौत को मात देने वाले लांसनायक हनुमंथप्पा की सलामती की दुआएं पूरा देश मांग रहा है। ऐसे में जिले के गांव पड़रिया तुला में बुुुटीक चलाने वालीं सरिता पांडेय उर्फ निधि ने लांसनायक को जरूरत पड़ने पर किडनी देने की इच्छा जाहिर की है। मंगलवार रात को एक टीवी चैनल के माध्यम से महिला ने सैनिक को किडनी दान देने की पेशकश की।
सरिता पांडेय मंगलवार देर शाम एक टीवी चैनेल पर खबरें देख रहीं थी। इसी दौरान उन्हें पता चला कि सियाचिन में 144 घंटे बर्फ में दबे रहने के बाद जीवित बचे हनुमंथप्पा अस्पताल में मौत और जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। उनकी किडनी और दूसरे अंग ठीक से काम नही कर रहे हैं। ऐसे में निधि को ख्याल आया कि जवान की जिंदगी बचाने के लिए क्यों न वह अपनी एक किडनी दे दें। इस इच्छा के बारे में उन्होंने पति दीपक पांडेय को बताया, जिस पर पति ने हामी भर दी। प्राइवेट नौकरी करने वाले दीपक ने कहा कि अगर वीर सैनिक को दो किडनी की जरूरत पड़ी तो वे अपनी भी किडनी दे देंगे। दीपक अपनी पत्नी के जज्बे से काफी खुश हैं। यहां बता दें कि दीपक अपने तमाम अंगों को मरणोपरांत दान देने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं।
निधि की पेशकश के बाद दिल्ली से आए फोन
बिजुआ। सरिता और दीपक के इस फैसले के बाद उनके फोन घनघनाने लगे। चैनल के अलावा दीपक के पास रक्षा मंत्रालय से भी फोन आया, पूछा गया क्या ये उनका निजी फैसला है या फिर कोई जोर-जबरदस्ती है? इस पर दोनों ने कहा कि ये निर्णय उन्होंने देश के वीर जवान की खातिर किया है। उधर, रक्षा राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के निजी सचिव ब्रह्मदत्त ने भी दीपक से बात कर कहा कि जल्दी ही उनसे संपर्क किया जाएगा।