सुबह बिजली न मिलने से पीने के पानी तक के लिए तरसे लोग
लखीमपुर खीरी। आधी रात के बाद आधा शहर अंधेरे में डूबा रहा। रात में लोगों को बिजली जाने का अहसास ही नहीं हुआ, लेकिन सुबह बिजली न रहने से लोगों को नहाने और पीने के पानी तक की दिक्कत हो गई। रात करीब 12 बजे गई बिजली सुबह करीब 08:30 बजे आई।
करीब छह दिन चली बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होते ही शहर में बिजली समस्याएं शुरू हो गई हैं। रात के समय गढ़ी विद्युत उपकेंद्र को मिलने वाली बिजली आपूर्ति में अचानक कहीं फाल्ट आ गया। बिजली कर्मी रात भर फाल्ट तलाशते रहे। हालांकि फाल्ट सुबह में ही ठीक किया जा सका। फाल्ट के चलते गढ़ी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े शिवपुरी, भुइफोरवानाथ, गोकुलपुरी, भरतपुरी कालोनी, हाथीपुर, अर्जुनपुरवा, मिश्राना, संकटादेवी, शास्त्रीनगर, पुरानी गल्ला मंडी समेत कई मोहल्लों में रात भर बिजली गुल रही। गढ़ी विद्युत उपकेंद्र के जेई शेर अली ने बताया कि मेन लाइन में फाल्ट आने से गढ़ी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में करीब आठ घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही।