निघासन। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा चौराहा स्थित शारदा नहर में मंगलवार को कूदी 16 वर्षीय चांदनी का शव चौथे दिन शुक्रवार को मल्लबेहड़ दुलही पुल के पास नहर से बरामद हो गया। शव की हालत क्षत-विक्षत थी। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
बीते मंगलवार को चांदनी के नहर में कूदने की सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने उसकी तलाश शुरू की थी। पहले दिन अंधेरा होने तक सर्च अभियान चलाया गया।
इसके बाद बुधवार और बृहस्पतिवार को भी टीम ने नहर में कई किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन किशोरी का पता नहीं चल सका था। नहर में तेज बहाव और गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को चौथे दिन भी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नहर में चांदनी की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान मल्लबेहड़ दुलही पुल के पास नहर में उसका शव दिखाई दिया। शव क्षत-विक्षत और अधखाया हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराई।