डीएम के सामने किया हंगामा, कोतवाली में काटा हाथ
डीएम के निर्देश पर किया गया था पुलिस के हवाले
आठ साल पहले निलंबित हुए मोहल्ला नईबस्ती निवासी शिक्षक अनवर अली ने गुरुवार को हाईवोल्टेज ड्रामा करते हुए डीएम आकाशदीप के सामने हंगामा किया। पुलिस पकड़कर ले गई तो कोतवाली में हाथ काट लिया। इससे कोतवाली के स्टाफ में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल शिक्षक को जिला अस्पताल में लाकर उपचार कराया गया।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी शिक्षक अनवर अली सिद्दीकी ने बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय चकई में शिक्षक था। 2008 में स्कूल में दो अतिरिक्त भवन के निर्माण में गबन के आरोप में उसे निलंबित कर दिया गया। इस मामले में वह जेल भी जा चुका है और मुकदमा विचाराधीन है। विभाग उसे गुजारा भत्ता दे रहा था। 15 नवंबर 2016 को लेखा विभाग ने उसे नोटिस जारी कर गुजारा भत्ता बंद होने की जानकारी दी। इसके विरोध में वह शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास कई बार चक्कर लगा चुका, लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। गुरुवार को वह डीएम आकाशदीप के दफ्तर पहुंचा और उन्हें शिकायती पत्र दिया और अपनी समस्या बताकर बहाल कराने की मांग की। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि अपनी मांग पर अड़ते हुए निलंबित शिक्षक ने डीएम के सामने न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी। इस पर डीएम ने उसे पुलिस के हवाले करने का आदेश दिया। डीएम के आदेश पर पुलिस उसे लेकर सदर कोतवाली ले आई और उसे दफ्तर में बैठा दिया। कोतवाल सदर दीपक शुक्ला बताते हैं कि निलंबित शिक्षक टॉयलेट का बहाना बनाकर ऑफिस से निकला और बैरक के पास लगे बल्ब को निकालकर उसे फोड़ दिया और कई जगह हाथ काट लिया। उसके चीखने-चिल्लाने पर ऑफिस स्टाफ ने माजरा देख उन्हें सूचना दी। सदर कोतवाल ने मामले में दफ्तर के स्टॉफ को जमकर लताड़ लगाई और घायल को सरकारी जीप से जिला अस्पताल भेजकर उसका उपचार कराया। कोतवाल ने बताया कि शिक्षक अनवर नशेड़ी है। डीएम दफ्तर में हंगामा करने के कारण उस पर 151 की कार्रवाई की गई है। इससे पहले भी वह वह कलक्ट्रेट में हंगामा कर चुका है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी का चालान किया जाएगा।
--
निलंबित शिक्षक नशे में दफ्तरों के चक्कर लगाता रहता है। बुधवार को बंगले पर भी आया था तो उसे समझाबुझाकर वापस कर दिया गया था। गुरुवार को फिर दफ्तर में आया और अनाप शनाप बातें करने लगा। वह आत्महत्या करने की बात भी कह रहा था, जिस पर उसे पुलिस के हवाले किया गया।
-आकाशदीप, डीएम