भावी गुरुजनों की नई खेप में से सबसे आला क्लास पढ़ाने वाले प्रशिक्षु की वीडियो को यू-ट्यूब समेत डायट की वेबसाइट पर लोड किया जाएगा। इसके लिए ट्रेनिंग के दौरान प्रशिक्षुओं की टीचिंग वीडियो को रिकार्ड किया जाना शुरू किया गया है। हर बीआरसी से सबसे बेस्ट टीचिंग वीडियो को डायट को भेजा जाना है, जिनमें डायट की टीम यह सेलेक्ट करेगी कि कौन-कौन सी वीडियो को डायट की आफीशियल वेबसाइट पर अपलोड किया जाए। यू-टयूब समेत विभागीय वेबसाइट पर इसे लोड किए जाने के पीछे मंशा ये है कि दूसरे शिक्षक इन तरीकों को अपनाकर अपनी टीचिंग शैली में सुधार लाएं।
यहां बता दें कि ट्रेनिंग के दौरान प्रशिक्षुओं को किसी भी विषय पर पढ़ाने का मौका दिया जाता है, पढ़ाने के सबसे बेहतर तरीकों को आइडियल बनाने के लिए विभाग इन प्रशिक्षुओ की टीचिंग वीडियो की क्लिप बनाने जा रहा है। डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला ने ऐसे निर्देश जारी किए हैं। बेस्ट क्लिप को सबसे पहले बीआरसी केंद्र्र पर ट्रेनर व खंड शिक्षा अधिकारी सेलेक्ट करेंगे, फिर इस क्लिप को डायट को भेजा जाएगा।
बीईओ-बिजुआ अनुराग कुमार मिश्रा के अनुसार बीआरसी केंद्र पर ट्रेंनिग ले रहे प्रशिक्षुओं की वीडियो क्लिप बनानी शुरू हो गई हैं। इन क्लिप का डेटा बीआरसी पर भी रखेंगे। यहां पर होने वाली ट्रेंनिग में ये प्रेजेंटेशन के जरिए भी दिखाया जाएगा।
डायट की वेबसाइट पर अपलोड होंगी क्लिप
प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला के मुताबिक डायट की वेबसाइट का अपग्रेडेशन का काम लगभग पूरा होने वाला है। बिजुआ समेत दूसरे ब्लाकों से मिलने वाली बेस्ट टीचिंग क्लिप को यू-ट्यूब समेत विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा, जिससे शिक्षकों को प्रेरणा मिलेगी। प्रशिक्षुओं को अभी कार्यशाला में पढ़ाने का मौका मिल रहा है, जुलाई में स्कूल खुलते ही पास के स्कूलों में कक्षा में पढ़ाने के लिए भेजा जाएगा, उस दौरान भी क्लिप बनाई जाएंगी। इससे भावी टीचरों के बीच स्वस्थ्य प्रतिस्पर्धा होगी और वह सबसे बेहतर काम करने की कोशिश करेंगे।