कहीं ट्रांसफार्मर फुंका तो कहीं टूटे बिजली के जर्जर तार
अधिकारियों और कर्मचारियों ने बंद किए फोन
गर्मी और उमस बढ़नेे के साथ ही बिजली व्यवस्था फिर पटरी से उतर गई हैं। बुधवार की पूरी रात शाहपुरा कोठी, जेल रोड, आफिसर्स कॉलोनी, प्यारेपुर, हिदायतनगर, नौरंगाबाद, जोड़ी बंगला आदि मोहल्ले की बिजली गुल रहने से लोगों को रात भर गर्मी से बिलबिलाना पड़ा। खासकर बच्चों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने अघोषित कटौती की बावत शिकायत दर्ज करानी चाही, तो अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक के मोबाइल बंद मिले।
नई बस्ती उपकेंद्र की लाइनों में आए-दिन खराबी से आधे शहर को अघोषित बिजली कटौती से जूझना पड़ता हैै। इससे पूर्व भी इस उपकेंद्र की लाइनों में खराबी आने से लोगों को रात भर गर्मी और उमस से जूझना पड़ा है। बुधवार की रात को फिर ऐसा ही हुआ, जब सवा आठ बजे बिजली कटी। इसके बाद साढ़े नौ बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई, फिर साढ़े ग्यारह बजे चली गई। इस दौरान पुराना एसपी बंगला के पास चौराहे पर रखा ट्रांसफार्मर फुंक गया, जिससे करीब एक बजे रात को बिजली बहाल हो सकी। कुछ मिनट के बाद फिर बिजली चली गई, जिसके बाद अलसुबह साढ़े तीन बजे बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। इस दौरान अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों ने अपने-अपने फोन बंद रखे, जिससे लोगों को बिजली कटौती के बारे में जानकारी नहीं हो सकी। जेई ने भी फोन बंद रखा और जब घंटी गई, तो फोन नहीं उठाया। इससे उपभोक्ताओं में रोष है।
रमजान में भी नहीं मिल रही पर्याप्त बिजली, रोजेदार परेशान
गोला गोकर्णनाथ। रमजान के महीने में सहरी और इफ्तार के समय भी बिजली न होने, भीषण गर्मी में दोपहर में अघोषित कटौती किए जाने से रोजेदार परेशान हैं। उन्होंने नियमित सप्लाई की मांग की है। रमजान के महीने भर कभी भी शाम को बिजली नहीं मिली, सुबह भी अधिकतर बिजली गायब रहती है। दिन में किस समय कटौती हो जाए उपभोक्ताओं को पता ही नहीं रहता। इससे भीषण गर्मी में रोजेदार परेशान हैं। पड़ोस के गांव दतेली के रोजेदार मोहम्मद आरिफ, शीबू खां, फुरकान, साहिबा, सलीम और जहीर खान ने रमजान भर सुबह शाम बिजली की आपूर्ति कराने और अघोषित कटौती बंद किए जाने की मांग की है।
भाकियू (टिकैत) की पंचायत में उठा बिजली का मुद्दा
मोहम्मदी। भाकियू (टिकैत) की क्षेत्रीय पंचायत में बरवर कस्बे में बिजली कटौती का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया। बिजली में सुधार के लिए एक ज्ञापन एसडीएम मोहम्मदी को सौंपा।
बरवर कस्बे के यूनियन कार्यालय में हुई पंचायत में सदस्यों ने कहा कि कस्बे में बिजली आने जाने का कोई समय नहीं है और न कोई रोस्टर तय है। यूनियन के सदस्यों का यह भी आरोप है कि बिना सुविधा शुल्क के किसानों को बिजली का सामान नहीं मिलता, उनसे कह दिया जाता है कि सामान लखीमपुर से लाओ।
यूनियन का कहना है जिन किसानों की बिजली की रसीदें काटी गई है, उन्हें 10 जुलाई तक सामान उपलब्ध करा दिया जाए, अन्यथा 11 जुलाई से यूनियन के सदस्य बरवर बिजली उपकेंद्र के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। बैठक की अध्यक्षता रामकुमार अग्निहोत्री, संचालन आदेश कुमार ने किया। इस मौके पर आविष्कार सिंह, आरडी वर्मा, रमन शर्मा, प्रेम सिंह, रक्षपाल सिंह, नरायन लाल सैनी आदि लोग मौजूद रहे।