लखीमपुर खीरी। रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होना है। इसके लिए स्टेशन की हरियाली पर आरा चलाया जा रहा है। स्टेशन पर सालों पुराने विशालकाय 55 से अधिक पेड़ लगे हैंं, जिसमें 25 पेड़ काटे जा चुके हैं और अन्य की कटाई का काम चल रहा है। पर्यावरण सरंक्षण को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के दौरान हरियाली पर चल रहा आरा लोगों में चर्चा का विषय है।
अमृत भारत योजना के तहत लखीमपुर स्टेशन का कायाकल्प शुरू हो गया है। रेलवे ने मानचित्र बनाकर निर्माण कार्य को हरी झंडी दे दी है। फुटओवर ब्रिज से लेकर लिफ्ट आदि लगने में पेड़ बाधक बन रहे थे, जिनको कटवाया जा रहा है। बुधवार तक करीब 25 पेड़ों पर आरा चल चुका है, जबकि अन्य की कटाई का काम हो रहा है।
शहरवासियों से लेकर रेलवे कर्मियों का कहना है कि गर्मी के दिनों में इनकी वजह से काफी राहत मिलती थी। वहीं स्टेशन पर छांव रहती थी। मगर, स्टेशन का विकास सालों पुराने पाकड़, पीपल, आम सहित अन्य प्रकार के पेड़ों के विनाश का कारण बन गया है। इस संबंध में आईडब्ल्यू तेज सिंह ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत लखीमपुर स्टेशन का करीब सात करोड़ से कायाकल्प होना है। इसमें पेड़ आदि बाधक बन रहे थे। जिन्हें वन विभाग से अनुमति लेकर नियमानुसार कटवाया जा रहा है।