लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जनपद की 75 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें अनुसूचित जाति की आबादी 50 प्रतिशत से अधिक है। इन ग्राम पंचायतों के सभी मजरों में 19 विभागों की 42 योजनाओं से आच्छादन करके कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए 51 इंडेक्स (संकेतांक) बनाए गए, जिनके अनुसार गांवों में तीन साल के अंदर सभी कार्य पूर्ण कराए जाने हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों की कुल जनसंख्या में 50 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति की आबादी हैं, उन्हें इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा। ऐसे मानकों के हिसाब 75 ग्राम पंचायतों का चयन करके उनमें सर्वे कराया जा रहा है। ग्रामों का कोड अलॉट करकेे उनमें जल्द ही काम शुरू कराएं जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 20 ग्राम पंचायतों में सर्वे कार्य पूर्ण करा लिया गया है। दूसरे चरण में 17 ग्राम पंचायतों में सर्वे कार्य चालू है। इसके बाद तीसरे चरण में 30 ग्राम पंचायतों का सर्वे किया जाएगा। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामाजिक, आर्थिक, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली, सड़क आदि योजनाओं गांवों को पूरी तरह संतृप्त किया जाएगा। इसके लिए 51 कार्यों का इंडेक्स तैयार किया गया है, जिसमें 42 विभागों के अलग-अलग कार्यों को शामिल किया गया है।
इन ग्रामों की जल्द बदलेगी
प्रधानमंत्री आदर्श योजना से चयनित पहले चरण की 20 ग्राम पंचायतों में सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। इससे जल्द ही इनमें विकास कार्यों की शुरुआत हो सकती है। बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 10, ग्रंट नंबर 11, ग्रंट नंबर 14, ग्रंट नंबर तीन, खंजनपुर, ग्रंट डाटपुर, पहाडनगर का चयन हुआ है। पलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत पटिहन, बिजुआ की फजलनगर ग्रंट, मितौली की सेमरावां, जानकीनगर ग्रंट और इब्राहिमपुर, धौरहरा की घुरघुट्टा बुजुर्ग, फूलबेहड़ की कुसमौरी, मोहम्मदी की मियापुर, कुंभी की मोहम्मदाबाद, पलिया की बसंतापुर कला, बेहजम की बरतेर, लखीमपुर की बिझौली, फूलबेहड़ की हिंडोलना का सर्वे कराया गया है।