पसगवां। पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी की जिला समन्वय समिति ने बीडीओ मोहित कौशिक को चार सूत्री ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया है कि एक दिसंबर से चार दिसंबर तक काली पट्टी बांधकर शासकीय कार्यों का निष्पादन करेंगे। जिले के सभी विकास खंडों में ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में 11 बजे से 1 बजे तक संगठन के बैनर तले विकास खंड मुख्यालय पर बैठकर सांकेतिक सत्याग्रह एवं पंचायत सचिवों पर थोपे गए अन्य विभागों के कार्यों का विरोध करेंगे। दस दिसंबर से इंजन चालित वाहन से सचिव क्षेत्र भ्रमण नहीं करेंगे। इसके अलावा अन्य समस्याओं के बारे में बताया गया है। चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन संपूर्ण कार्य बहिष्कार और अनवरत धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में रोहित कुमार, कुलदीप राठौर, कौशल किशोर, कुणाल गुप्ता, पुष्पेंद्र वर्मा, संदीप सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, नसीम, पुष्पेंद्र मिश्रा आदि शामिल रहे।