इच्छुक लाभार्थी ऑनलाइन पोर्टल पर कर सकते हैं आवेदन
लखीमपुर खीरी। घरेलू बिजली कनेक्शन के आधार पर सोलर रूफटॉप ऑनग्रिड सिस्टम लगाने पर राज्य सरकार एवं भारत सरकार द्वारा लाभार्थी को सब्सिडी (अनुदान) दिया जाएगा। इच्छुक लाभार्थी ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी कमलेश सिंह ने बताया कि जनपद को एक हजार किलोवाट का लक्ष्य मिला है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एक किलोवाट से तीन किलोवाट तक रूफटॉप सोलर पॉवर प्लांट संयंत्र लगाने पर केंद्र सरकार से अनुमन्य अनुदान 14588 रुपये प्रति किलोवाट निर्धारित है। तीन किलोवाट से अधिक 10 किलोवाट तक संयंत्रों पर 7294 रुपये प्रति किलोवाट अनुदान निर्धारित है। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा 15 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से अधिकतम दो किलोवाट तक 30 हजार रुपये अनुदान दिए जाने का प्रावधान है।
परियोजना अधिकारी ने बताया कि एक किलोवाट संयंत्र से एक माह में लगभग 120 यूनिट बिजली उत्पादन होगा। इससे उपभोक्ता को 120 यूनिट बिजली का बिल कम देना पड़ेगा। संयंत्र पर व्यय की गई धनराशि तीन से चार वर्ष में वसूली जाएगी। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति यूपीनेडा के शाहपुरा कोठी स्थित कार्यालय से संपर्क करें या फिर मोबाइल नंबर 9415609058 पर बात कर सकते हैं।