प्रधान से रिकवरी के लिए डीपीआरओ ने फाइल डीएम के पास भेजी
लखीमपुर देहात में हुए 1,16,236 रुपये के गबन का मामला
लखीमपुर खीरी। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लखीमपुर देहात में हुए 1,16,236 रुपये के गबन के मामले में डीडीओ अरविंद कुमार ने सचिव कौशल किशोर वर्मा से रिकवरी का नोटिस जारी करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि भेजी है। सचिव से 58,118 रुपये की रिकवरी की जाएगी। वहीं डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने भी प्रधान से शेष आधी वसूली की कार्रवाई के लिए फाइल डीएम के पास भेजी है।
पंचायत राज विभाग के उपनिदेशक ने सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लखीमपुर देहात में कराए जा रहे विकास कार्यों की जांच पड़ताल की थी। गांव में 51 सोकपिट बनाने के लिए 5.95 लाख रुपये खाते से निकाले गए थे, जिसमें से 1,16236 रुपये का गबन कर लिया गया। मौके पर काम अधूरा मिला, जो सोक पिट बनाए गए उनमें भी कई कमियां मिलीं। मानक के अनुरूप कार्य नहीं कराया गया था। लिहाजा उपनिदेशक ने डीपीआरओ सौम्य शील सिंह को इस मामले में दोषी प्रधान लालबहादुर और सचिव कौशल किशोर वर्मा के विरुद्घ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीपीआरओ की रिपोर्ट पर डीडीओ अरविंद कुमार ने गबन की गई धनराशि की रिकवरी करने के लिए सचिव कौशल किशोर वर्मा को नोटिस जारी करने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। नोटिस के माध्यम से सचिव को वेतन से या नगद धनराशि जमा करने का विकल्प चुनते हुए 24 नवंबर तक जवाब देने के लिए कहा गया है।
डीडीओ ने बताया कि 24 नवंबर तक जवाब न मिलने पर वेतन से धनराशि की रिकवरी करने कार्रवाई की जाएगी। उधर, डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि प्रधान से भी आधी धनराशि की वसूली की जाएगी, जिसकी अनुमति के लिए फाइल डीएम के पास भेज दी गई है।