लखीमपुर खीरी। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दो दिवसीय दौरे पर खीरी आएंगी। उनका हेलीकॉप्टर रविवार को सुबह 10:25 बजे पुलिस लाइंस ग्राउंड में उतरेगा। इसके बाद वह कार से सीधे कलक्ट्रेट सभागार पहुंचकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद 11:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज उदयपुर में मेधावी अलंकरण समारोह एवं वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगी।
राज्यपाल अपराह्न 2.15 बजे हेलीकॉप्टर से पलिया रवाना होंगी, जहां से दुधवा फारेस्ट रेस्ट हाउस जाएंगी। इसके बाद शाम चार बजे राज्यपाल फारेस्ट के कर्मचारियों-अधिकारियों, चौकीदारों, महावतों से मुलाकात करके जंगल की विविधता के बारे में जानकारी लेंगी।
दूसरे दिन सोमवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सुबह 10:15 बजे दुधवा फारेस्ट से जनजातीय क्षेत्र में संचालित एकलव्य मॉडल स्कूल सौनहा जाएंगी, जहां ओडीओपी स्टाल (एक जिला एक उत्पाद) का निरीक्षण करेंगी। 11:15 बजे से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वर्करों व ग्रामीणों से मिलेंगी। इसके बाद एसएसबी की बीओपी सौनहा जाएंगी। दोपहर 12:25 बजे राज्यपाल चंदनचौकी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर जाएंगी। इसके बाद 2:30 बजे राज्यपाल हेलीकॉप्टर से पीलीभीत के लिए रवाना होंगी। राज्यपाल का पीलीभीत में भी 22 से 23 नवंबर 2022 तक भ्रमण कार्यक्रम रहेगा। यह जानकारी सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने दी।